Sehore News: एनजीटी के प्रतिबंध को ठेंगा दिखा रहे थे रेत माफिया, अचानक पहुंची टीम ने जब्त कीं तीन मशीनें
Sehore News: वर्षाकाल में नर्मदा नदी से प्रतिबंधित रेत खनन का बड़ा खेल सामने आया। गुप्त सूचना पर पहुंची खनिज विभाग की टीम ने तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त कर लीं। आखिर कैसे बेखौफ चल रहा था यह अवैध कारोबार? पढ़ें पूरी खबर
Sehore News: वर्षाकाल में नर्मदा नदी से प्रतिबंधित रेत खनन का बड़ा खेल सामने आया। गुप्त सूचना पर पहुंची खनिज विभाग की टीम ने तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त कर लीं। आखिर कैसे बेखौफ चल रहा था यह अवैध कारोबार? पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वर्षाकाल के दौरान नर्मदा नदी में रेत खनन पर लागू पूर्ण प्रतिबंध की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे रेत माफिया के खिलाफ जिला खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने भैरूँदा तहसील के ग्राम टिगाली स्थित नर्मदा तट से तीन पनडुब्बी मशीनें जब्त की हैं। प्रतिबंधित अवधि में नदी की तलहटी से मशीनों के माध्यम से रेत निकाले जाने की सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनन पर शिकंजा कस दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
गुप्त सूचना पर दी दबिश, मौके पर चला अभियान
खनिज अधिकारी राजकुमार बराठे के नेतृत्व में गठित टीम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि टिगाली क्षेत्र में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेशों की अनदेखी कर अवैध रेत खनन किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन होते ही टीम ने बिना देर किए मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खनन में उपयोग की जा रही तीन पनडुब्बी मशीनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित अवधि में किसी भी प्रकार का रेत खनन पूरी तरह अवैध है।
पढ़ें: प्रसूति वार्ड में बंद एसी, जमीन पर मरीज और गैलरी में परिजन; देखें तस्वीरें
एनजीटी के आदेशों की अनदेखी, बेखौफ दिखे रेत माफिया
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने वर्षा ऋतु के दौरान नर्मदा नदी से रेत खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन को सुरक्षित रखा जा सके। इसके बावजूद जिले के कई क्षेत्रों से लगातार अवैध खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग का कहना है कि प्रतिबंधित अवधि में संगठित तरीके से अवैध रेत उत्खनन का प्रयास किया जा रहा था, जिस पर अब लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी कार्रवाइयां
खनिज विभाग के अनुसार यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर पांच जेसीबी मशीनें, एक पोकलेन मशीन तथा चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की जा चुकी हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि प्रशासन अवैध खनन के नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रहा है और किसी भी स्तर पर नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेत माफिया को चेतावनी, अभियान रहेगा जारी
जिला खनिज अधिकारी राजकुमार बराठे ने कहा कि वर्षाकाल में नर्मदा नदी से रेत खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध खनन, परिवहन अथवा प्रतिबंधित मशीनों के उपयोग की सूचना मिलते ही तत्काल दबिश देकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
