{"_id":"69bbbeab480ab6dfe803c1c6","slug":"sehore-news-love-turned-deadly-man-kills-live-in-partner-to-hide-engagement-in-sehore-crime-sehore-news-c-1-1-noi1381-4067063-2026-03-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रेमी ही निकला कातिल: अंबर नदी में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझी, शादी का दवाब बनाने पर घोंट दिया गला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रेमी ही निकला कातिल: अंबर नदी में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझी, शादी का दवाब बनाने पर घोंट दिया गला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Thu, 19 Mar 2026 04:16 PM IST
विज्ञापन
सार
सीहोर जिला में अंबर नदी से मिले शव की पहचान राजीना बेगम के रूप में हुई। प्रेमी नीतेश यादव ने दूसरी सगाई छुपाने और शादी के दबाव से बचने के लिए भाई संग हत्या कर शव नदी में फेंका। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला उजागर किया।
प्रेमी ने की हत्या।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
सीहोर जिले में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की नींव को ही हिला दिया। जिस प्रेम पर एक युवती ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया, उसी प्रेम ने उसकी जान ले ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Trending Videos
प्रेम और विश्वास का एक खौफनाक अंत तब सामने आया जब पुलिस ने अम्बर नदी में मिली युवती की लाश की गुत्थी सुलझाई। असम की रहने वाली 32 वर्षीय राजीना बेगम हैदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करती थी। वहीं उसकी मुलाकात नीतेश यादव पिता रामविलास यादव निवासी आरी थाना माखन नगर नर्मदापुरम से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। जल्द ही दोनों लिव-इन में रहने लगे। कुछ दिन बाद नीतेश यादव ने राजीना से छुपाकर 13 फरवरी 26 को सगाई कर ली। जब इस धोखे का पर्दाफाश हुआ तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा को राहत, हाईकोर्ट का आदेश खारिज, अगली सुनवाई 23 जुलाई को
लिव-इन का रिश्ता बना मौत का जाल
राजीना को सच्चाई से अनजान रखते हुए नीतेश उसे शादी का सपना दिखाकर अपने गांव आरी लेकर आया। 25 फरवरी की सुबह करीब 4 बजे नीतेश ने बेरहमी से राजीना का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उसका सगा भाई सचिन भी साथ था। हत्या के बाद दोनों भाइयों ने शव को बाइक पर रखा और करीब 50 किलोमीटर दूर भैरुन्दा क्षेत्र की अंबर नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। 25 फरवरी को अज्ञात शव मिलने पर भैरुन्दा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। युवती की पहचान न होने पर उसे दफना दिया गया। लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। सोशल मीडिया, रेडियो मैसेज और गुमशुदगी रिपोर्ट के आधार पर जांच जारी रखी गई।
सोशल मीडिया से खुला राज
भैरुन्दा थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी ने बताया कि अज्ञात शव की पहचान के लिए पुलिस ने सभी जिलों में रेडियो मैसेज प्रसारित किए और गुमशुदा महिलाओं के मामलों से मिलान किया। साथ ही मीडिया व सोशल मीडिया की मदद ली गई। 25 फरवरी से संपर्क न होने पर युवती के भाई ने 7 मार्च 2026 को साइबराबाद जिला के पेट वसीराबाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान 16 मार्च को शव की पहचान राजीना बेगम (32), निवासी लखीमपुर (असम) के रूप में हुई। इसके बाद 17 मार्च को हत्या का मामला दर्ज किया गया। घटना नर्मदापुरम जिला के माखननगर थाना क्षेत्र की होने से भैरुन्दा पुलिस ने जीरो पर एफआईआर दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेज दी। एसडीओपी रोशन कुमार जैन के अनुसार, आरोपी नीतेश यादव और उसके भाई सचिन को नामजद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या सुनियोजित पाई गई, जिसका उद्देश्य दूसरी शादी में आ रही बाधा को हटाना था।

कमेंट
कमेंट X