ग्वालियर में सनसनी: पुरानी रंजिश के दौरान हुई फायरिंग, तड़तड़ाहट से गांव में हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के मैथाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्वालियर शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के मैथाना गांव में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष की कगार पर पहुंच गई। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मैथाना गांव निवासी क्रेशर संचालक बल्ला किरार और उनके पड़ोसी दुर्गाप्रसाद किरार के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर फायरिंग होने का आरोप लगाया गया।
किस मामले को लेकर चली गोली?
क्रेशर संचालक बल्ला किरार का आरोप है कि दुर्गाप्रसाद किरार और उनके बेटों ने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया। उनका कहना है कि आरोपियों ने बंदूक और कट्टों से फायरिंग की। बल्ला किरार ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी उनके ऊपर फायरिंग हो चुकी है और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी। घटना का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसकी जांच की जा रही है। वीडियो के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग किसने की और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। फायरिंग की सूचना के बाद गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
