Shivpuri: पेट्रोल लेकर बच्चों संग धरने पर बैठी महिला, भीम आर्मी नेता पर लगाए गंभीर आरोप; आत्मदाह की चेतावनी
शिवपुरी के माधव चौक पर एक महिला तीन बच्चों के साथ पेट्रोल लेकर धरने पर बैठ गई। उसने भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव पर मारपीट और बेटी से छेड़छाड़ के आरोप लगाए। पुलिस ने महिला को समझाकर शांत कराया, जबकि आरोपी ने आरोपों को झूठा बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिवपुरी के माधव चौक पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर धरने पर बैठ गई। महिला ने खुद पर पेट्रोल छिड़कते हुए भीम आर्मी नेता ठाकुरलाल जाटव और उनके साथियों पर मारपीट तथा बेटी से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर थाने ले गई।
रायश्री गांव निवासी महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे छोड़कर दूसरी महिला के साथ रहना शुरू कर दिया है। महिला का आरोप है कि इसमें उसके ममिया ससुर ठाकुरलाल जाटव, सास और देवर की भी भूमिका रही। पति के अलग हो जाने के बाद वह अपने बच्चों के साथ सरकारी जमीन पर बने कच्चे मकान में रहने को मजबूर है।महिला ने आरोप लगाया कि परिवार की पैतृक जमीन ठाकुरलाल जाटव द्वारा बिकवा दी गई, लेकिन उसे उसका हिस्सा नहीं दिया गया। वह लंबे समय से अपने अधिकार की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
महिला का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर ठाकुरलाल जाटव और उनके साथियों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की गई। महिला ने बताया कि उसने थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उसने माधव चौक पर आत्मदाह की चेतावनी देते हुए प्रदर्शन किया। महिला ने यह भी कहा कि जिस सरकारी जमीन पर वह रह रही है, उसे प्रशासन कभी भी खाली करा सकता है, जिससे वह और उसके बच्चे बेघर होने की आशंका में जी रहे हैं।
पढ़ें: मौत के बाद से फरार पति समर्थ जमानत लेने हाईकोर्ट पहुंचा, पुलिस ने 30 हजार का इनाम रखा है
वहीं, दूसरी ओर ठाकुरलाल जाटव ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि महिला का बेटा उनके भांजे की दुकान का ताला तोड़कर चोरी करते पकड़ा गया था। उसी मामले से बचने के लिए महिला झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच जमीन और संपत्ति को लेकर पुराना विवाद चल रहा है और उसी रंजिश में उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है।
ठाकुरलाल जाटव ने यह भी दावा किया कि महिला के परिवार की पृष्ठभूमि विवादित रही है। उनके अनुसार, महिला की बड़ी बहन पर अपने पति की हत्या का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। गांव में एक दुकान के कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। महिला ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। पुलिस टीम मौके का मुआयना कर रही है और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साक्ष्य मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने महिला को समझाकर शांत कराया है और मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।

कमेंट
कमेंट X