सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Sidhi News ›   MP Election 2023: PM Narendra Modi attacks Congress is Not Poor Friendly

MP Election 2023: PM मोदी ने सीधी में कहा- कांग्रेस का एक ही नारा- काम हाफ, गरीब की जेब साफ

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीधी Published by: रवींद्र भजनी Updated Tue, 07 Nov 2023 06:09 PM IST
विज्ञापन
सार

MP Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के सीधी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमने गरीबों को लुटने से बचाया। उन्हें सुविधाएं दी इस वजह से एमपी के मन में है मोदी। कांग्रेस दलितों, आदिवासियों से नफरत करती है। 
 

MP Election 2023: PM Narendra Modi attacks Congress is Not Poor Friendly
PM नरेंद्र मोदी ने सीधी में जनसभा को संबोधित किया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर जोरदार हमले बोले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ उन्हीं लोगों को आगे बढ़ाया, जो दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाते थे। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के नेतृत्व को कभी उभरने नहीं दिया। कांग्रेस की यही दरबारी मानसिकता है जिसके कारण कांग्रेस के लोग सुबह-शाम  मोदी को गालियां देते रहते हैं।

Trending Videos


सीधी में भाजपा की सांसद रीति पाठक विधानसभा चुनाव में पार्टी की प्रत्याशी हैं। मोदी ने मंगलवार को सीधी के मोदी नगर, मडरिया बायपास में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को प्रदेश सरकार के मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने भी संबोधित किया। मोदी ने सभा में कहा कि कांग्रेस देश में परिवारवाद की सबसे बड़ी प्रतीक है। मध्य प्रदेश में ही देखिए, कांग्रेस के दो नेता यहां क्या कर रहे हैं? उनके बीच कपड़ा फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। एक नेता कहता है उसके कपड़े फाड़ो, दूसरा कहता है उसके कपड़े फाड़ो। इनको पता है कि जनता चुनाव में भाजपा को जिताने वाली है, फिर ये क्यों लड़ रहे हैं? श्री मोदी ने कहा कि उनकी लड़ाई कांग्रेस पर कब्जा करने के लिए है, अपने बेटों को कुर्सी पर बिठाने के लिए है। अपनी इस लड़ाई में ये लोग मध्यप्रदेश को बर्बाद कर रहे हैं। जिनके लिए उनके बेटों का भविष्य ही प्राथमिकता है, कांग्रेस के वो लोग आपके बेटे-बेटियों का भला सोच ही नहीं सकते। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बीरबल की भूमि से पूछा सवाल
मोदी ने कहा कि सीधी बीरबल की भूमि है। यहां के लोग अपनी बुद्धिमानी से अच्छे-अच्छे सवालों के जवाब खोज लेते हैं। आज मैं यहां के युवाओं से एक पहेली पूछना चाहता हूं। देश में अनेक दशकों तक, पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस की सरकारें रही हैं, लेकिन आज कांग्रेस कुछ राज्यों में ही बची है? कांग्रेस की ऐसी बर्बादी क्यों हुई? ऐसा पतन क्यों हुआ? साथियों कांग्रेस का यह हाल इसलिए हुआ है, क्योंकि उसका नारा रहा है- गरीब की जेब साफ और काम हॉफ। यूपी, बिहार, गुजरात, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, ओडिसा जैसे कितने ही राज्यों से कांग्रेस जब गई, तो दोबारा लौटकर नहीं आई। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस दो दशकों से बहुमत के लिए तरस रही है। आज देश और प्रदेश का दलित, ओबीसी और आदिवासी समाज यह समझ गया है कि कांग्रेस उसकी प्रतिनिधि नहीं है, वह उन्हें सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल करती रही है।

कांग्रेस दलितों-आदिवासियों से नफरत करती है
मोदी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जब यह तय किया कि एक आदिवासी परिवार की बेटी देश की राष्ट्रपति बने, तो कांग्रेस ने उसका घनघोर विरोध किया। हमने जब मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में राजस्थान के दलित को नियुक्त करना चाहा, तो कांग्रेस ने कई बार बुलाने और फोन करने के बाद भी मीटिंग का बहिष्कार कर दिया। इससे पता चलता है कि कांग्रेस हमारे आदिवासी भाइयों, दलितों से कितनी नफरत करती है। 

MP के मन में मोदी क्यों, यह भी बताया 
मोदी ने कहा कि यहां के लोग कह रहे हैं कि ’एमपी के मन में मोदी’ और ’मोदी के मन में एमपी’। लेकिन आपने कभी सोचा है, ऐसा क्यों है? भाजपा की सरकार से पहले 10 सालों तक देश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन उस सरकार ने गरीब, मध्यम वर्ग को लूटने का ही काम किया। टेलीकॉम घोटाला, कोयला घोटाला और न जाने कितने घोटालों से कांग्रेस ने लाखों करोड़ रुपये लूट लिए। आपके इस सेवक ने जो प्रयास किए हैं, उनसे घोटाले बंद हुए हैं। गरीब-मध्यम वर्ग का पैसा लुटने से बच गया,  साथ ही इस वर्ग को सुविधाएं भी मिली हैं। इसी कारण एमपी के मन में मोदी है। ये ईश्वर रूपी जनता जनार्दन मोदी के मन में बस गई है।

गरीब का पैसा गरीब के लिए खर्च हो, यह मोदी की विशेषता 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पर हमारी सरकार अब तक दो लाख करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। इससे कोरोना संकट से लगाकर अभी तक 80 करोड़ देशवासियों को मुफ्त राशन मिल रहा है। गरीब का चूल्हा जलता रहा है। यह मोदी की गारंटी है कि देश का कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा। आप सभी के आशीर्वाद से मैंने यह निर्णय लिया है कि दिसंबर में समाप्त हो रही इस योजना को अगले पांच सालों तक बढ़ा दिया जाए।

झूठ बोलना, भ्रमित करना कांग्रेस का इतिहास 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डगर-डगर पर झूठ बोलना और लोगों को भ्रमित करना कांग्रेस का इतिहास रहा है। पिछले 50-60 सालों में उन्होंने देश के गरीबों, महिलाओं, युवाओं से जितना झूठ बोला है, कोई कल्पना नहीं कर सकता। यही काम कांग्रेस आज भी कर रही है। पांच साल पहले 2018 में कांग्रेस के लोगों ने कहा था कि 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ करेंगे। उन्हें 15 महीनों तक सरकार चलाने का अवसर भी मिला, लेकिन उन्होंने यह वादा नहीं निभाया।

आदिवासी कल्याण का बजट पांच गुना बढ़ाया
मोदी ने कहा कि क्या मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले हमारे आदिवासी भाई नहीं थे? भगवान राम जब वनवास के लिए गए, क्या तब हमारे आदिवासी भाई नहीं थे? अयोध्या के राजकुमार राम को भगवान राम हमारे आदिवासी समाज ने ही बनाया है। ये बात हम सभी को पता है, लेकिन कांग्रेस को नहीं पता था कि हमारे देश में कोई आदिवासी समाज भी है। कांग्रेस ने इतने सालों तक आदिवासी मंत्रालय नहीं बनाया। देश में जब अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार बनी, तब अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाकर बजट आवंटित हुआ। पिछले नौ साल में हमारी सरकार ने आदिवासी कल्याण के बजट में पांच गुना वृद्धि की है। हमारी सरकार बैगा, भारिया और सहरिया जनजातियों के लिए 15000 करोड़ रुपये से एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। मध्यप्रदेश में भी हमारी सरकार बैगा, भारिया, सहरिया बहनों को सीधी मदद दे रही है।  
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed