Ujjain News: केरल में हत्या और लूट करके भागी आरोपी महिलाएं उज्जैन में गिरफ्तार, 13 साल से थीं फरार
करीब 13 साल पहले केरल में हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने वाली दो महिला आरोपी आखिरकार उज्जैन में पकड़ी गईं। केरल पुलिस की सूचना पर उज्जैन क्राइम ब्रांच ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
धार्मिक नगरी उज्जैन में पुलिस ने एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसकी कड़ी सीधे करीब 2 हजार किलोमीटर दूर केरल से जुड़ती है। यहां उज्जैन क्राइम ब्रांच ने 13 साल पुराने हत्या और लूट के मामले में फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों महिलाएं लंबे समय से पुलिस से बचती फिर रही थीं और आखिरकार उज्जैन में आकर छिप गई थीं। सूचना मिलते ही उज्जैन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया और बाद में केरल पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह मामला साल 2013 में केरल के कन्नूर जिले के एरुकुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक बुजुर्ग की हत्या कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस सनसनीखेज मामले में सकीना फातिमा (33 वर्ष) और परवीन बानो (48 वर्ष), जो दक्षिण-पश्चिम दिल्ली की निवासी हैं, अपने एक अन्य साथी के साथ शामिल थीं। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे और तब से केरल पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि साल 2016 में आंध्रप्रदेश में हुई एक अन्य लूट की घटना में भी इन महिलाओं की भूमिका पाई गई थी। इसके बाद से दोनों आरोपी लगातार ठिकाने बदलती रहीं और पुलिस की नजरों से बचती रहीं।
ये भी पढ़ें: Ujjain News: सबसे कम उम्र की महाकाली नंदगिरी बनीं किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर, अघोर साधना से चर्चा में आईं
उज्जैन तक पहुंची पुलिस की तलाश
केरल पुलिस को हाल ही में मुखबिरों से सूचना मिली कि दोनों फरार महिलाएं उज्जैन में छिपकर रह रही हैं। यह जानकारी तुरंत उज्जैन पुलिस के साथ साझा की गई। सूचना मिलते ही उज्जैन क्राइम ब्रांच सक्रिय हुई और आरोपियों के पुराने हुलिये और उपलब्ध जानकारी के आधार पर तलाश शुरू कर दी।
लगातार खोजबीन के बाद क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद केरल पुलिस की टीम उज्जैन पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में लेकर केरल रवाना हो गई। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि उज्जैन क्राइम ब्रांच की टीम को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। 13 साल से फरार इन महिला आरोपियों को पकड़कर केरल पुलिस को सौंपा गया है।
ऐसे करते थे वारदात की तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आमतौर पर संपन्न परिवारों या अकेले रहने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। पहले वे खुद को मजदूर या जरूरतमंद बताकर कुछ समय के लिए उनके घरों में शरण लेते थे। इस दौरान घर और आसपास की पूरी रैकी कर लेते थे। मौका मिलते ही लूटपाट करते और विरोध होने पर हत्या जैसी वारदात को भी अंजाम दे देते थे।
उज्जैन में छिपने की कोशिश
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कुछ समय पहले ही उज्जैन आई थीं। धार्मिक नगरी होने के कारण उन्हें लगा कि यहां आसानी से छिपा जा सकेगा लेकिन केरल पुलिस से मिली सूचना के बाद उज्जैन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X