खाकी पर हमला: उमरिया कोर्ट के सामने आरक्षक के साथ हुई हाथापाई, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
उमरिया कोर्ट परिसर में आरक्षक मुकेश सिंह के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि न्यायालय कर्मचारी विमल लडिया ने आरक्षक से हाथापाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पुलिस ने उमरिया में कोर्ट परिसर के सामने खाकी वर्दीधारी आरक्षक के साथ मारपीट के मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
थाना कोतवाली उमरिया में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 10 मुकेश सिंह (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे शासकीय डाक वितरण का कार्य पूरा कर किराये के कमरे की ओर लौट रहे थे, तभी न्यायालय के सामने उन्होंने देखा कि न्यायालय कर्मचारी विमल लडिया एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा था।
बीच-बचाव और समझाइश देने के उद्देश्य से आरक्षक मुकेश सिंह वहां पहुंचे, तो आरोप है कि विमल लडिया ने उनसे अभद्र भाषा में गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद दीपक मरावी, अनिल कुमार कोल और बाहिद खान ने हस्तक्षेप कर आरक्षक को छुड़ाया। इस दौरान आरक्षक की वर्दी फट गई और उन्हें दाहिने गाल व गर्दन के पीछे चोटें आई।
दोषी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे मामले पर सार्वजनिक ध्यान गया। एसडीओपी उमरिया पन्नू सिंह परस्ते ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने की किसी को अनुमति नहीं है और दोषी पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Israel-Iran War: युद्ध के समय हम फेक न्यूज से लड़ रहे, खाड़ी देशों में फंसे भारतीय बोले परिजन रातभर नहीं सोए
पुलिस विभाग ने बताया कि शासकीय कर्तव्य का निर्वहन कर रहे कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई गंभीर विषय है। खाकी वर्दी पर हाथ उठाना निंदनीय कृत्य माना जाता है। फिलहाल पुलिस गवाहों के बयान दर्ज कर रही है और वायरल वीडियो की सत्यता की तकनीकी जांच कराई जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कमेंट
कमेंट X