उमरिया में लगातार बारिश का असर: जोहिला बांध के दो गेट खुले, तेज बहाव देखने उमड़ी लोगों की भीड़
उमरिया में लगातार बारिश से जोहिला बांध का जलस्तर बढ़ने पर दो गेट खोले गए। तेज बहाव देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों से नदी-नालों और प्रतिबंधित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उमरिया जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसी के चलते बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र (एसजीटीपीएस) के अधीन जोहिला बांध में जलस्तर निर्धारित सीमा के करीब पहुंचने पर मंगलवार को एहतियातन छह में से दो गेट करीब दो-दो मीटर तक खोल दिए गए। गेट खुलते ही तेज बहाव के साथ पानी निकलने लगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग बांध परिसर पहुंच गए।
बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना आसपास के गांवों और शहर में फैलते ही लोग परिवार और दोस्तों के साथ बांध पहुंचने लगे। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाए, जबकि कुछ ने सेल्फी लेकर इस पल को कैमरे में कैद किया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।
बांध प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण जोहिला बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए फिलहाल दो गेट खोले गए हैं। यदि आने वाले दिनों में बारिश जारी रहती है और जलस्तर में और बढ़ोतरी होती है, तो आवश्यकता के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों व जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पढ़ें: सरकारी राशन में लाखों रुपये की गड़बड़ी उजागर; तीन संचालकों पर केस दर्ज: स्टॉक में भी हेराफेरी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बांध क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस बल और बांध कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और कोई भी व्यक्ति खतरे वाले क्षेत्र में प्रवेश न करे। इसके अलावा ग्राम सचिवों, पटवारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलस्तर पर नजर रखने और लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन और बांध प्रबंधन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है
