UP: इस जिले के कब्रिस्तान में अचानक तैरती दिखी लाशें, कई कब्रों पर मंडराया खतरा, जानें-क्या है पूरा मामला
सहारनपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र में हिंडन नदी के तेज कटाव से कब्रिस्तान प्रभावित हो गया। छह माह पहले दफनाए गए दो शव कब्रों से बाहर आ गए, जिन्हें राजस्व टीम की मौजूदगी में धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोबारा दफनाया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी में हिंडन की उफनती धार ने मौत के बाद का सुकून भी छीन लिया। सोना सय्यद माजरा गांव में नदी का तेज कटाव कब्रिस्तान तक पहुंच गया और छह माह पहले दफनाए गए दो शव कब्र से बाहर आ गए। पता चलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नम आंखों से सिसकियों के साथ अपनों के शवों का अंतिम ठिकाना तलाशने लगे। धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शवों को दफनाया गया।
सोना सय्यद माजरा का कब्रिस्तान हिंडन नदी के किनारे स्थित है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और शिवालिक क्षेत्र से आए तेज बहाव के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। पानी कब्रिस्तान तक पहुंच गया और कटाव शुरू हो गया। इसी दौरान करीब छह माह पूर्व दफनाए गए दो शव कब्र से बाहर निकल आए। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण कब्रिस्तान पहुंचे और उनकी कब्र तलाशने लगे।
यह भी पढ़ें: Meerut: चंद्रशेखर आजाद को टोल पर रोका, बोले-पुलिस की कार्रवाई गलत, दोषियों को जवाब देना होगा
नायब तहसीलदार बबलू कुमार और नायब तहसीलदार स्मृति शुक्ला ने बताया कि राजस्व टीम की मौजूदगी में दोनों शवों को दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कराया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
हिंडन का पानी कब्रिस्तान तक पहुंचने के बाद मार्मिक दृश्य देखने को मिला। कब्रिस्तान में कटाव और दो शवों के कब्रों से बाहर आने पर पहुंचे ग्रामीण अपने परिजनों की कब्रों की पहचान करने और उनकी स्थिति जानने के लिए परेशान रहे।
पूरे घटनाक्रम से गांव में चिंता और गम का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि नदी के तेज बहाव से कब्रिस्तान का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों में आशंका बनी हुई है कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो अन्य कब्रों को भी नुकसान पहुंच सकता है।