देश की एसयूवी बनाने वाली कंपनी Mahindra & Mahindra ने मंगलवार को अपनी पहली BS6 गाड़ी लॉन्च की। कंपनी ने अपनी सब-4मीटर सब कॉम्पैक्ट एसयूवी Mahindra XUV300 को नए उत्सर्जन मानकों के अनुरूप लॉन्च किया है। जानते हैं बीएस6 इंजन के साथ आने वाली XUV300 में क्या होगा खास...
Mahindra XUV300 BS6 इंजन के साथ हुई लॉन्च, जानें कीमतों में हुई कितनी बढ़ोतरी
1.2 लीटर पेट्रोल को किया अपग्रेड
कंपनी ने XUV300 को 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल BS6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। नए बीएस6 मानक अगले साल अप्रैल 2020 से लागू होने वाले हैं, लेकिन कंपनियां इससे पहले अपनी गाड़ियों को नए मानक वाले इंजनों के साथ लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। मारुति की कुछ कारों के अलावा किआ सेल्टोस ऐसी कार है जो नए BS6 इंजन के साथ आती है। मारुति ने अपनी छह कारों को BS6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। वहीं होंडा कार्स भी अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान कार होंडा सिटी को भी नए इंजन के साथ बाजार में उतारने जा रही है।
मारुति भी लाईं अपनी बीएस6 कारें
महिंद्रा का कहना है कि वह चरणों में अपनी गाड़ियों को बीएस6 मानकों में अपग्रेड करेगी। महिंद्रा ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रेसीडेंट राजन वढेरा ने इस मौके पर कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उन्होंने अपनी पहली गाड़ी को बीएस6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। हालांकि कंपनी इस कार का डीजल वेरियंट बेचती रहेगी और जैसे ही पूरे देश में बीएस6 ईंधन उपलब्ध होगा, उसके बाद बीएस6 डीजल इंजन को लॉन्च किया जाएगा। महिंद्रा ने अपनी इस एसयूवी को इसी साल फरवरी में लॉन्च किया था और इसका मुकाबला विटारा ब्रेजा, टाटा नेक्सन और फोर्ड इकोस्पोर्ट से है। वहीं हाल ही में ह्यूंदै वेन्यू आने के बाद इसकी बिक्री पर असर पड़ा था। कंपनी फरवरी से अभी तक इस कार की 40 हजार यूनिट्स बेच चुकी है।
नया इंजन देगा इतनी पावर
महिंद्रा XUV300 में आने वाला नया BS6 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 5,000 आरपीएम पर 110 बीएचपी की पावर और 2,000-3,500 आरपीएम पर 200 एनएम का टॉर्क देगा। वहीं यह 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आएगी। हालांकि इसका बीएस4 मानक वाला 1.5 लीटर का डीजल इंजन 3,750 आरपीएम पर 115 बीएचपी की पावर और 1,500 से 2,500 आरपीएम पर 300 एनएम का टॉर्क देता है। वहीं यह 6-स्पीड ऑटोमैटिक और मैनुअल ट्रांसमिशन में आता है।
कीमत 8.30 लाख रुपये से शुरू
अब बात करते हैं नए इंजन के साथ आने वाली XUV300 की, तो बीएस6 इंजन वाली इस गाड़ी की बेस W4 वेरियंट की एक्स-शोरूम कीमत 8.30 लाख रुपये से शुरू होगी, वहीं टॉपएंड W8 डुअल टोन वेरियंट की कीमत 11.99 लाख रुपये तक होगी। जबकि इसके बीएस4 बेस वेरियंट की कीमत 8.10 लाख रुपये थी।