देश की नंबर वन कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी को 17 साल में पहली बार जून तिमाही में 249 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कोरोना काल के चलते मारुति को यह नुकसान उठाना पड़ा है। 2003 में कंपनी की लिस्टिंग के बाद पहली बार मारुति को यह घाटा सहना पड़ा है। वहीं मारुति कम बिक्री से उबरने की पुरजोर कोशिश कर रही है। मारुति नए मॉडल्स के जरिए इस घाटे की भरपाई की कोशिश करेगी। मारुति पांच कारों पर काम कर रही है, जिन्हें आने वाले वक्त में बाजार में उतारा जा सकता है, जानते हैं इन कारों के बारे में...
Maruti Suzuki लाने वाली है ये पांच धांसू कारें, Hyundai Creta और Seltos को देंगी टक्कर!
मारुति सुजुकी S-Cross पेट्रोल
मारुति सुजुकी का क्रॉसओवर एसयूवी S-Cross का पेट्रोल वर्जन अगस्त की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है। मारुति पहले ही विटारा ब्रेजा को केवल पेट्रोल इंजन में लॉन्च कर सकती है। नया 1.5 लीटर के15बी पेट्रोल इंजन 105 बीएचपी की पावर और 138 एनएम का टॉर्क देता है। नई क्रॉसओवर मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स में लॉन्च की जा सकती है। खबरें है कि ऑटोमैटिक वैरिएंट्स में SHVS माइल्ड हाईब्रिड टेक्नोलॉजी का फीचर दिया जा सकता है। नई S-Cross की एक्स-शोरूम कीमत 8.50 लाख रखी जा सकती है।
मारुति सुजुकी जिमनी
मारुति सुजुकी ने 2020 के ऑटो एक्सपो में ऑफरोडर SUV जिमनी को शोकेस किया था। उसे लोगों से उस दौरान अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली थी। भारत में लॉन्च होने वाली जिमनी 5 दरवाजों वाली होगी। जिमनी में 105 hp की पावर वाला 1.5 लीटर K15B पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो मारुति सुजुकी सियाज, अर्टिगा और ब्रेजा में भी मिलता है। यह इंजन 138 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। रिअर व्हील ड्राइव जिमनी में 4-स्पीड मैनुअल गियर बॉक्स मिलेगा, वहीं टॉप वेरियंट्स में 4-स्पीड टॉर्क कनवर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। साथ ही इसमें एबीएस के साथ ईबीडी, रिवर्स पार्किंग सेंसर्स ट्विन एयरबैग्स, स्पीड अलर्ट्स, सीट बेल्ट्स रिमाइंडर्स जैसे फीचर स्टैंडर्ड मिलेंगे। वहीं टॉप वेरियंट्स में 6-एयरबैग्स, ऑटोनॉमस ब्रेकिंग सिस्टम और लेन अस्सिट जैसे फीचर मिलेगे। जिमनी को 2021 में लॉन्च किया जा सकता है।
मारुति मिड साइज एसयूवी
मारुति और टोयोटा ने ग्लोबल स्तर पर पार्टनरशिप की है, और दोनों कंपनियां मिल कर कई कार बाजार में उतारेंगी। इससे पहले टोयोटा बलेनो को ग्लैंजा नाम से उतार चुकी है। वहीं टोयोटा अब विटारा को अर्बन क्रूजर नाम से फेस्टिव सीजन में लॉन्च कर सकती है। दोनों कंपनियां मिंल कर नई मिड साइज SUV लॉन्च करेंगी। नई एसयूवी Toyota Raize या Suzuki Across पर आधारित हो सकती है। इसका मुकाबला Kia Seltos (किआ सेल्टॉस) और Hyundai Creta (ह्यूंदै क्रेटा) से होगा। इसमें 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन मिलेगा और यह 2022 तक लॉन्च होगी। यह एसयूवी केवल 2WD ऑप्शन के साथ आएगी।
सी-सेगमेंट एमपीवी
वहीं मारुति और टोयोटा मिल कर नई सी सेगमेंट कॉम्पैक्ट एमपीवी पर भी काम कर रही हैं, जो अर्टिगा और XL6 के बीच आएगी। यह टोयोटा बी560 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी और टोयोटा इनोवा से सस्ती होगी। जानकारों का कहना है कि यह एमपीवी अर्टिगा और इनोवा क्रिस्टा के बीच का गैप भरेगी। मारुति अपनी इन दो नई कारों में पहले कॉम्पैक्ट एसयूवी को लॉन्च करेगी, जिसके बाद नई एमपीवी को बाजार में उतारेगी। कंपनी इस एमपीवी को 2023 तक बाजार में उतार सकती है।
