हाल ही में जर्मन ऑटोमोबाइल कंपनी Volkswagen ने भारतीय बाजार में अपनी कॉम्पैक्ट एसयूवी Volkswagen Taigun को लॉन्च किया। टाइगुन की यूरोपियन स्टाइलिंग लोगों को काफी लुभा रही है। कंपनी को ग्राहकों से अच्छा रेस्पॉन्स भी मिला है और टाइगुन की अब तक 12 हजार से ज्यादा बुकिंग मिल चुकी हैं। टाइगुन का सबसे नजदीकी मुकाबला Skoda Kushaq, Kia Seltos, Hyundai Creta और अपकमिंग MG Astor से है। टाइगुन की चिक स्टाइलिंग, फीचर लोडेड केबिन और मल्टीपल गियरबॉक्स कॉम्बिनेशन लोगों को काफी लुभा रहा है। इसके अलावा कई और भी फीचर हैं, जो टाइगुन को खास बनाते हैं। आइए जानते हैं उन्के बारे में...
Volkswagen Taigun: यूरोपियन स्टाइल वाली इस कॉम्पैक्ट SUV में मिलते हैं ये टॉप फीचर्स, मिल चुकी हैं 12 हजार से ज्यादा बुकिंग
डिजिटल कॉकपिट
खास बात यह है कि टाइगुन में डिजिटल कॉकपिट दिया गया है। एसयूवी में इंस्ट्र्मेंट कंसोल के लिए 8-इंच की डिस्प्ले मिलेगी। ऐसा ही कंसोल ग्रुप के दूसरे ब्रांड ऑडी के केबिन में मिलता है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में पूरी डिजिटल इंटरफेस मिलता है, जिसे कस्टमाइज्ड किया जा सकता है। अलग-अलग पैरामीटर्स के लिए यूजर्स एनालॉग और डिजिटल को चूज कर सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल
टाइगुन में कई सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स टाइगुन में मिलेंगे। लेकिन इनमें जो फीचर आकर्षक लगा है, वह है इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल। यह फीचर टाइगुन के सभी वैरिएंट्स में मिलेगा। यहां तक कि एंट्री लेवल वैरिएंट भी इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी कंट्रोल का फीचर दिया जा रहा है।
एंड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले
अक्सर कार कंपनियां लोअर मॉडल्स में फीचर्स से कॉम्प्रोमाइज करती हैं। कई शुरुआती माडल्स में तो केवल नाम के लिए ही इंफोटेनमेंट यूनिट्स दी जाती हैं एंड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले का सपोर्ट देना तो दूर की बात है। लेकिन टाइगुन में यह कमी देखने को नहीं मिलेगी क्योंकि इसके सभी वैरिएंट्स में एंड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले का सपोर्ट दिया गया है। एंट्री लेवल टाइगुन में 7-इंच की टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलेगी, जो एंड्रायड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करेगी। वहीं ऊपर के वैरिएंट में 10.1 इंच की स्क्रीन मिलेगी और कई दूसरे फीचर्स भी मिलेंगे।
वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स
हमारे देश की जलवायु उष्णकटिबंधीय मानसूनी जलवायु है, यानी कि यहां ज्यादातर गर्म और आर्द्र मौसम रहता है। ऐसे में वेंटिलेटेड सीटों की जरूरत पड़ती है। किआ सोनेट, किआ सेल्टोस, ह्यूंदै क्रेटा जैसी एसयूवी में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स मिलती हैं। वहीं टाइगुन में भी कंपनी वेंटिलेटेड फ्रंट सीटों का ऑफर दे रही है। इसके टॉपलाइन के मैनुअल और ऑटोमैटिक वैरिएंट में फ्रंट वेंटिलेटेड सीटें मिलती हैं, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 14,56,900 रुपये से शुरू होती है।