हाल ही में कार सेफ्टी रेटिंग एजेंसी ग्लोबल NCAP ने देश की चार लोकप्रिय कारों की सेफ्टी रेटिंग जारी की थी। कंपनी का कहना था कि देश में बेचे जाने वाली ज्यादातर कारें सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हैं। ग्लोबल NCAP अब तक तकरीबन 25 भारतीय कारों की टेस्टिंग कर चुकी है और हम आपको बता रहे हैं उन कारों के बारे में जिन्हें सेफ्टी रेटिंग में चार या पांच स्टार मिल चुके हैं...
क्या वाकई सुरक्षित है आपकी पसंदीदा कार, जानें देश की टॉप रेटिंग वाली 'मजबूत' कारों के बारे में
भारत का भी होगा अपना क्रैश टेस्ट
भारत भी ग्लोबल NCAP की तरह अपना भारत न्यू व्हीकल सेफ्टी असेसमेंट प्रोग्राम क्रेश टेस्ट लांच करेगा। जिसे देखते हुए देश की सभी गाड़ियों को नए सेफ्टी AIS-145 सिस्टम के तहत अपडेट किया जा चुका है। AIS 145 यानी ऑटोमोटिव इंडस्ट्री स्टैंडर्ड 145 के तहत भारत में यात्री कारों को सीट बेल्ट वार्निंग, एयरबैग्स, स्पीड वार्निंग और रिवर्स पार्किंग असिस्ट जैसे सेफ्टी फीचर्स से लैस होना जरूरी है।
टाटा नेक्सन - पांच स्टार
टाटा नेक्सन अकेली ऐसी कार है जिसे फाइव स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है। ग्लोबल एनसीएपी (न्यू कार एसेसमेंट प्रोग्राम) की रेटिंग में नेक्सन को 5/5 स्टार मिले हैं। अडल्ट ऑक्यूपेंसी में 17 में से 13.56 अंक के साथ 4 स्टार रेटिंग, चाइल्ड ऑक्यूपेंसी में 49 में 25 अंकों के साथ 3 स्टार रेटिंग मिली है। 3,994 एमएम लंबाई वाली टाटा नेक्सन को पिछली बार 4 स्टार रेटिंग मिली थी, लेकिन इस बार सीट बेल्ट रिमाइंडर फीचर को शामिल करने के बाद नेक्सन की रेटिंग में बढ़ोतरी हुई। नेक्सन में एबीएस (एंटी लॉक ब्रेक्रिंग सिस्टम) के साथ 2 एयरबैग्स भी दिए गए हैं, वहीं एक्सजेड प्लस और एक्सजेडए प्लस वैरियंट में आईसोफिक्स (चाइल्ड सीट फिटिंग सिस्टम) फीचर भी दिया गया है। वहीं ग्लोबल NCAP में नेक्सन को स्टेबल बताया गया है। नेक्सन के सभी वेरियंट्स में दो एयरबैग्स, एबीएस और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स स्टैंडर्ड मिलते हैं।
मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा- चार स्टार
सब-4 मीटर सेगमेंट में ब्रेजा एसयूवी को ग्लोबल NCAP क्रेश टेस्ट में पांच में से चार स्टार रेटिंग मिली थी। ब्रेजा को यह रेटिंग अडल्ट ऑक्यूपेंसी में मिली थी। हालांकि चाइल्ड ऑक्यूपेंसी में ब्रेजा को केवल 2 स्टार ही मिले थे। ब्रेजा को एडल्ट प्रोटेक्शन में 17 में से 12.51 स्कोर मिला है, जबकि चाइल्ड प्रोटेक्शन में ब्रेजा को 49 में से 17.93 स्कोर के साथ 2 स्टार रेटिंग मिली है। टेस्ट के दौरान 18 महीने के बच्चे की डमी प्रयोग की गई, जिसमें उसके सिर और कंधों पर चोट लगी। वहीं इसमें लगा आइसोफिक्स फीचर ग्लोबल एनसीएपी स्टैंडर्ड्स के मुताबिक नहीं मिला। ब्रेजा में ट्विन एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी, ड्राइवर सीट बेल्ट रिमाइंडर और आइसोफिक्स चाइल्ड सीट माउंट्स जैसे सेफ्टी फीचर दिए गए हैं।
महिंद्रा मराजो- चार स्टार
भारतीय बाजार में महिंद्रा मोटर्स की मराजो अकेली ऐसी एमपीवी कार है जिसे ग्लोबल एनसीएपी रेटिंग में 4/5 स्टार रेटिंग मिली थी। मराजो में स्टैंडर्ड डबल एयरबैग्स के साथ, सीट बैल्ट रिमाइंडर, एबीएस, फ्रंट सीट बेल्ट प्रिटेंशनर्स और रिअर सीट्स में आईसोफिक्स एंकर्स दिए गए हैं। मराजो को एडल्ट प्रोटेक्शन में 17 में से 12.85 स्कोर मिला है, वहीं चाइल्ड प्रोटेक्शन में 49 में 22.22 स्कोर के साथ 2 स्टार रेटिंग मिली है।