छह साल पहले लेबनान की राजधानी बेरूत के तट पर एक जब्त किये गए जहाज से तकरीबन तीन हजार टन अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया था। तभी से ये अमोनियम नाइट्रेट बंदरगाह के पास एक वेयरहाउस में रखा था। मंगलवार की शाम अमोनियम नाइट्रेट के इसी जखीरे में धमाका हुआ और देखते ही देखते दर्जनों लोगों की जान चली गई। इस घटना में करीब चार हजार लोग घायल भी हुए।
बेरूत धमाका: आखिर कितना खतरनाक है अमोनियम नाइट्रेट?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमोनियम नाइट्रेट क्या है?
अमोनियम नाइट्रेट सफेद रंग की रवेदार चीज होती है, जिसका औद्योगिक स्तर पर बड़ी मात्रा में उत्पादन होता है। इसका सबसे बड़ा इस्तेमाल नाइट्रोजन के स्रोत के रूप में ऊर्वरक के लिए होता है। लेकिन इसके साथ ही खनन उद्योग के लिए विस्फोटक तैयार करने में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन में केमिस्ट्री के प्रोफेसर आंद्रे सेला कहते हैं, "ये जमीन पर यूं ही नहीं मिलता है, क्योंकि ये एक सिंथेटिक किस्म की चीज है, जो अमोनिया और नाइट्रिक एसिड की प्रतिक्रिया से तैयार किया जाता है।"
अमोनियम नाइट्रेट का उत्पादन दुनिया भर में होता है और खरीदने के लिहाज से ये सस्ता पड़ता है। लेकिन इसे स्टोर करना एक समस्या हो सकती है। अतीत में अमोनियम नाइट्रेट की वजह से कई बड़ी और गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
अमोनियम नाइट्रेट कितना खतरनाक है?
प्रोफेसर आंद्रे सेला बताते हैं कि 'अपने आप में अमोनियम नाइट्रेट से कोई खतरा नहीं है। इसे हैंडल करना तुलनात्मक रूप से सुरक्षित है। लेकिन अगर आपके पास अमोनियम नाइट्रेट की बड़ी मात्रा लंबे समय के लिए यूं ही पड़ी रहे तो ये खराब होना शुरू हो जाता है।'
आंद्रे सेला कहते हैं, "असली दिक्कत तब आती है, जब लंबे वक्त के लिए स्टोर करने पर ये वातावरण की नमी सोखने लगता है और आखिर में ये एक बड़ी सी चट्टान में बदल जाता है।" यही अमोनियम नाइट्रेट को बेहद खतरनाक बना देता है। क्योंकि अगर वो आग के संपर्क में आया तो जबरदस्त रासायनिक प्रतिक्रिया की संभावना बन जाती है।
आसमान में मशरूम जैसे बादल क्यों बनते हैं?
बेरूत में हुए बम धमाकों के दौरान दुनिया ने आग से धुएं की एक बड़ी लहर को उठते देखा। फिर धमाके हुए और उसके बाद आसमान में मशरूम यानी कुकुरमुत्ते जैसे बादल दिखने लगे। आंद्रे सेला बताते हैं, "धमाके की तेज आवाज हुई और आप देख सकते थे कि सफेद बादलों का एक घेरा ऊपर की तरफ उठने लगा। ये शॉक वेव कम्प्रेस्ड एयर से पैदा होता है। ये हवा तेजी से फैलती है और फिर अचानक ठंडी हो जाती है, जिससे आसपास की नमी एक जगह जमा हो जाती है, बादल इसी से बनते हैं।"
धमाके से बनने वाली गैस कितनी खतरनाक है?
जब अमोनियम नाइट्रेट में धमाका होता है, तो इससे नाइट्रोजन ऑक्साइड और अमोनिया जैसी जहरीली गैसें निकलती हैं। नारंगी रंग का धुआं नाइट्रोजनडायक्साइड की वजह से पैदा होता है। इसे अक्सर वायु प्रदूषण से जोड़ा जाता है। प्रोफेसर सेला बताते हैं, "अगर धमाके की जगह पर तेज हवा ना हुई तो आसपास के लोगों को बड़ा खतरा हो सकता है।"