राष्ट्रप्रमुखों को उनके दूसरे देशों के दौरों के दौरान गिफ्ट मिलना कोई नई बात नहीं है। लेकिन जब आपके पास खुद अपने खाने के लाले पड़े हों और दूसरों को सोना-चांदी उपहार में दोगे तो यकीनन आपकी हंसी तो होगी ही। हाल में पाकिस्तान में जब सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान जब आधिकारिक दौरे पर थे तो उन्हें पाकिस्तानी सांसदों ने हैरानी में डालने वाला उपहार दिया है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के इस तरह का खास उपहार देने का मामला तेजी से वायरल हो रहा है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान भले ही अपने खर्चे कम करने में लगे हो और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर काफी चिंतित हों लेकिन मेहमाननवाजी में वे कभी पीछे नहीं रहते। आतंकवाद पर वैश्विक दबाव का सामना कर रही और आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान ने सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान को सोने की एक बंदूक उपहार में दी है। मोहम्मद बिन सलमान को यह अनोखा उपहार इस्लामाबाद की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान भेंट किया गया था।
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान की सीनेट के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री हाउस पर सऊदी अरब के युवराज सलमान से मुलाकात की थी जहां सीनेट के अध्यक्ष सादिक संजरानी ने उन्हें एक प्रतिमा और सोने की परत वाली एक बंदूक उपहार में दी है। बंदूक के साथ सोने की ही ढेर सारी गोलियां भी दी गईं हैं। प्रिंस सलमान सऊदी अरब के रक्षा मंत्री भी हैं।
पाकिस्तान ने जो गन सऊदी प्रिंस को दी है, वो कस्टमाइज गन है, जो खास ऑर्डर पर ही बनवाई जाती है। जर्मन कंपनी खास ऑर्डर पर कस्टमाइज एमपी5 सबमशीन गन भी बनाती है। इसके एक नहीं बल्कि कई हिस्सों में सोने की मोटी प्लेट का इस्तेमाल हुआ है। आमतौर पर कंपनी को ऐसे आर्डर कई महीने पहले दिए जाते हैं।
बता दें कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान रविवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे थे जो इनका पहला पाकिस्तान दौरा था। उन्होंने इस्लामाबाद के साथ दोस्ती निभाते हुए पाक में 20 बिलियन डॉलर के निवेश का ऐलान किया था। सऊदी के सलमान ने हाल में पाकिस्तान का उस समय दौरा किया था, जब जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बना हुआ है। इस हमले को पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने अंजाम दिया था।