करीब ढाई लाख रुपये महीना वेतन पाने वाले पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के घर और ठिकानों से सीबीआई को ऐसे ही 7.50 करोड़ रुपये कैश बरामद नहीं हुआ है। इसके पीछे के राज भी सामने आने लगे हैं। बिचौलिए कृष्णु ने सीबीआई पूछताछ में यह बात कबूल की है कि वह डीआईजी के कहने पर मोहाली, चंडीगढ़, पंचकूला, डेराबस्सी, जीरकपुर, पटियाला और अन्य बहुत सी जगहों पर बड़े लोगों से रकम पकड़ने जाता था।
DIG भुल्लर रिश्वतकांड: हर माह पांच से सात लाख की उगाही, डीआईजी साहब भेजते थे... बिचौलिए के चौंकाने वाले खुलासे
पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि उनकी मुश्किलें अब भी कम नहीं हो रही हैं। सीबीआई की जांच में सामने आया है कि डीआईजी के लिए दो और लोग भी काम कर रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिचौलिये कृष्णू ने कहा कि वे चंडीगढ़ के कई फाइव स्टार होटलों में भी डीआईजी के कहने पर लोगों के पास जाता था, वहां लोग उसे पैकेट और छोटे बैग तक थमाते थे। पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि अकेला कृष्णु ही नहीं डीआईजी भुल्लर के दो और भरोसेमंद बिचौलिए भी हैं, जो उनके लिए पैसे पकड़ने, खुफिया दस्तावेजों को लोगों तक पहुंचाने और उनके छोटे-बड़े काम करते थे।
21 लाख में से सिर्फ 70 हजार बिचौलिए के
सीबीआई के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बिचौलिये कृष्णु को जब जांच एजेंसी ने चंडीगढ़ के सेक्टर-21 से पैसे लेते समय दबोचा और उसके बाद डीआईजी को उनके ऑफिस से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सीबीआई की एक टीम बिचौलिए कृष्णु को लेकर उसके घर गई थी, जहां टीम को 21 लाख रुपये बरामद हुए थे। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि बिचौलिए कृष्णु ने पूछताछ में यह स्टेटमेंट दी है कि इसमें से केवल 70 हजार रुपये उसके हैं, जबकि बाकी सारे पैसे वह डीआईजी के कहने पर अलग-अलग लोगों से पकड़कर लेकर आया था। कृष्णु ने कहा कि वह उन लोगों को नहीं पहचानता क्योंकि वह उनसे केवल एक या दो बार मिला है।
स्क्रैप कारोबारियों की ओर घूमी सीबीआई की जांच
मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप डीलर अकाश बत्ता के अलावा अब सीबीआई एंटी करप्शन ब्यूरो की एक टीम ने इस ओर भी जांच शुरू कर दी है। मंडी गोबिंदगढ़ के अलावा लुधियाना, पटियाला व पंजाब व चंडीगढ़ के अन्य हिस्सों में स्क्रैप का काम करने वाले बड़े कारोबारियों से सीबीआई रिश्वत के इस खेल की जड़ पकड़ने में जुट गई है। अधिकारियों की मानें तो पंजाब में कई स्क्रैप कारोबारी बड़े स्तर पर गैर कानूनी काम कर रहे हैं, ऐसे में इन स्क्रैप डीलरों को संरक्षण देने की आड़ में कही ये रिश्वतखोरी का नेटवर्क चल रहा हो, इस एंगल पर भी सीबीआई जांच कर रही है।
संपित्तयों की जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
डीआईजी के घर और ठिकानों से मिली संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच में बड़े खुलासे हो सकते हैं। सीबीआई ने जिन बेनामी संपत्तियों का अपने अधिकारिक नोट में जिक्र किया है अब उनकी जांच में बड़े नाम सामने आ सकते हैं। आखिरकार ये बेनामी संपत्तियां कैसे खरीदी गईं, इनके लिए पैसा कहां से आया। इन तथ्यों पर सीबीआई जांच में जुटी है। इसके अलावा डीआईजी के पास से जो डायरी मिली है उसने कई रसूखदारों को भी जांच के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। हालांकि देखना होगा कि डायरी के जरिए सीबीआई को पुख्ता सबूत मिलते हैं। यही सबूत जांच को रसूखदारों के गिरेबाज तक पहुंचाएंगे।