पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पंजाब के दो गैंगस्टरों को वहां की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को मार गिराया। मारे गए गैंगस्टरों में मोहाली के खरड़ का रहने वाला जसप्रीत उर्फ जस्सी भी शामिल है। जस्सी पर भले ही लाखों रुपये का इनाम था, लेकिन साल 2015 से पहले उसका अपराध की दुनिया से कोई लेना देना नहीं था। वह एथलीट था। साल 2015 में खरड़ थाने में उस पर लड़ाई झगड़े का केस दर्ज हुआ था। इसके बाद उसने जुर्म की दुनिया में कदम रखा तो पीछे कभी मुड़ कर नहीं देखा। इतना ही नहीं वह ड्रग तस्करी का खेल सात समुद्र पार तक खेल रहा था। बताया जाता है कि वह खास किस्म की विदेशी सिम का इस्तेमाल करता था। इस वजह से उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पाती थी। इस बात का खुलासा तब हुआ था जब वह ड्रग तस्करी केस में एसटीएफ के हाथ लगा।
कोलकाता एनकाउंटर: खिलाड़ी से तस्कर फिर गैंगस्टर बना जस्सी, मुठभेड़ में मारा गया, मोहल्ले में पसरा सन्नाटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जसप्रीत को एसटीएफ ने 2018 में नशा तस्करी मामले में पकड़ा था। उसके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद वह जेल गया। यहीं उसके संबंध गैंगस्टरों से जुड़े। हालांकि सोहाना थाने में इसी साल जनवरी में उस पर अपहरण और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। कुछ समय पहले जगरांव में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में जस्सी का नाम आया था तो सोहाना थाने की पुलिस ने उसकी पत्नी लवप्रीत कौर पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
आरोप था कि लवप्रीत जस्सी को शरण देती थी, उसकी मदद करती थी। उसके बैंक खातों में करोड़ों रुपये की फंडिंग हुई है। वह अब जेल में है। मई 2021 में खरड़ पुलिस ने जसप्रीत उर्फ जस्सी व ऑस्ट्रेलिया में रह रहे दंपती समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया था। इसमें गुरजंट सिंह जंटा और उसकी पत्नी कोमलप्रीत शामिल थी। आरोप था वह यहां ड्रग तस्करी करता था। इसके बाद हवाला के जरिए पैसा ऑस्ट्रेलिया भेजता था। इस मामले की जांच चल रही है।
जस्सी व उसकी पत्नी इमीग्रेशन ऑफिस भी चलाते थे
आरोपी पूरी रणनीति के साथ अपना कारोबार चला रहा था। उसकी पत्नी व उसने सेक्टर-78 में एक इमीग्रेशन कंपनी खोली हुई थी, जहां वह अपना नेटवर्क चलाता है। हालांकि वह सोहाना थाने में केस दर्ज होने के बाद से अंडरग्राउंड ही चल रहा था। उसकी ससुराल खमाणों के पास है। उसके दफ्तर पर पुलिस ने छापेमारी भी की थी।
गली में सन्नाटा, घर में कोई नहीं
बुधवार को खरड़ के जिस एरिया में जसप्रीत उर्फ जस्सी का घर है, उस गली में सन्नाटा था। उसके परिजन भी घर पर नहीं थे। ताला लगा हुआ था। हालांकि उसकी पत्नी जेल में है। जबकि शेष रिश्तेदार दूर रहते हैं। कोई भी इस मामले में चर्चा करने को तैयार नहीं था।