पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को हाथी पर सवार हो बढ़ती महंगाई के खिलाफ पटियाला में रोष प्रदर्शन निकाला। इस मौके पर उन्होंने केंद्र व पंजाब सरकारों को आड़े हाथों लिया और कहा कि गैस सिलिंडर से लेकर डीजल, पेट्रोल, खाद्य तेलों व खाद्य पदार्थों समेत सभी जरूरी वस्तुओं के दामों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है लेकिन इसके मुकाबले आम आदमी की आय में कोई वृद्धि नहीं हुई है।
Sidhu in Patiala: पंजाब और केंद्र सरकार पर बरसे, मगर बिना भाषण के लौटे, जानें- हाथी पर क्यों घूमे नवजोत
बढ़ती महंगाई से आम जनता बुरी तरह से त्रस्त हो रही है लेकिन सरकारें इस पर नकेल कसने में बुरी तरह से विफल रही हैं। महंगाई हाथी के बराबर बढ़ गई है, यही संदेश देने के लिए वह हाथी पर सवार हुए हैं। बढ़ती महंगाई से समाज के एक फीसदी संपन्न वर्ग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है लेकिन गरीब व्यक्ति के बजट को इस महंगाई ने अस्त-व्यस्त कर दिया है।
दाल 120 रुपये किलो बिक रही है, ऐसे में दाल रोटी खाओ प्रभु के गुण गाओ जैसी कहावत को कैसे लागू किया जा सकता है। खाद्य तेलों का रेट 80 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 180 रुपये लीटर तो गैस सिलिंडर के दाम 400 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये तक हो गए हैं। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में मात्र तीन प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जबकि खादों की कीमतों में 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो गई है। ऐसे में 250 रुपये की दिहाड़ी वाला गरीब मजदूर अपने परिवार को कैसे पालेगा।
10 हजार करोड़ का कर्ज लेने वाली आप सरकार कैसे कम करेगी महंगाई: सिद्धू
सिद्धू ने कहा कि 10 हजार करोड़ का कर्ज उठाने वाली पंजाब की भगवंत मान सरकार इस महंगाई को कैसे कम करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकार ने पंजाब में पेट्रोल का रेट 10 रुपये कम कर दिया था। अगर माइनिंग व शराब से 40 हजार करोड़ रुपये आता तो पेट्रोल पर टैक्स की जरूरत नहीं थी। यह रोष मार्च सोई केंद्र व पंजाब सरकार को जगाने के लिए किया गया है। चेताया कि अगर जल्द महंगाई पर लगाम न कसी गई तो आने वाले दिनों में बड़ा संघर्ष छेड़ा जाएगा।
देखने को मिली धड़ेबंदी, होर्डिंग्स से राजा वड़िंग का चेहरा गायब रहा
सिद्धू के गुरुवार को पटियाला में रखे रोष प्रदर्शन के मौके पर कांग्रेस में धड़ेबंदी देखने को मिली। इस मौके पर राजपुरा से पूर्व विधायक हरदियाल सिंह कंबोज, पूर्व विधायक राजिंदर सिंह, सिद्धू के करीबी शैरी रियाड़, जिला कांग्रेस कमेटी पटियाला शहरी के प्रधान नरिंदर लाली के अलावा अन्य कांग्रेस नेता नदारद रहे। शहर में विभिन्न जगह पर सिद्धू के स्वागत में लगी होर्डिंग्स से पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का चेहरा गायब रहा। इन पर केवल सिद्धू, शैरी रियाड़, नरिंदर लाली के चेहरे ही दिखे। महंगाई के खिलाफ किला मुबारक तक रोष प्रदर्शन के बाद सिद्धू को भाषण भी देना था। वहां मंच भी बनाया गया था लेकिन सिद्धू बिना भाषण दिए ही चले गए।