पंजाब में चुनाव के मद्देनजर आप की ओर से जारी मेनीफेस्टो पर छिड़ गया धार्मिक विवाद, सिख पंथ नाराज। दरअसल आप के चुनावी घोषणा पत्र में सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब की तस्वीर पर चुनाव चिन्ह झाड़ू के साथ आप कन्वीनर अरविंद केजरीवाल की तस्वीर पर आपत्ति जताई जा रही है।
'आप' के जारी मेनीफेस्टो पर छिड़ा धार्मिक विवाद, देखिए तस्वीरों में
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ ने कहा कि इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं आशीष खेतान को सिख पंथ से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की इस हरकत से देश विदेश में बसते सिखों के दिलों को ठेस पहुंची है और उनमें भारी रोष पाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी पार्टी के प्रवक्ता आशीष खेतान को बोलना सिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल और आशीष खेतान शिरोमणि अकाली दल एवं पंजाब सरकार के विरुद्ध कोई बयानबाजी करने से पहले अपने गिरेबां में झांकें।
उधर पंजाब के चुनावी घोषणा पत्र की तुलना गुरु ग्रंथ साहिब से करने के मामले में दिल्ली डायलॉग आयोग के चेयरमैन अशीष खेतान और पंजाब डायलॉग के प्रमुख कंवर संधू ने माफी मांग ली है। खेतान ने कहा कि घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम के दौरान अनजाने में निकले कुछ शब्दों के लिए वह माफी मांगते हैं। उनका मकसद किसी भी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को आहत करना नहीं था। कंवर संधू ने कहा कि यूथ मेनीफेस्टो के कवर पेज को लेकर कुछ लोगों के एतराज आए हैं। इसलिए इस पेज को बदला जाएगा।