भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले मुकाबले में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को आराम दिया गया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि पहले टी-20 में टीम इंडिया किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी है?
INDv ENG: पहले टी-20 में रोहित को आराम, जानिए किन 11 खिलाड़ियों के साथ उतरी टीम इंडिया
ओपनर्स
पहले मुकाबले में हिटमैन रोहित शर्मा को आराम दिया गया है। ऐसे में केएल राहुल के साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन ओपनिंग करते नजर आएंगे।
मिडिल ऑर्डर
टीम इंडिया के कप्तान और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले विराट कोहली अपनी पुरानी जगह पर ही बल्लेबाजी करेंगे। वह एक बार फिर से मध्यक्रम की कमान संभालेंगे और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। दाएं हाथ के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने पिछले कई मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और मध्यक्रम को मजबूती दी है। वह चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दिखाई देंगे।
ऑलराउंडर/विकेटकीपर
टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर से मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में मैन ऑफ द सीरीज रहे हार्दिक दो महीने बाद अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने उतरेंगे। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के अलावा वे इस बार गेंदबाजी करते हुए भी दिख सकते हैं। पांड्या मध्यक्रम में आखिरी के ओवरों में तेजी से रन बटोरने की कोशिश करेंगे। भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी खोई हुई फॉर्म वापस पा चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जबरदस्त बल्लेबाजी करने के बाद उन्हें टी-20 टीम में चुना गया और अब उनका खेलना भी लगभग तय है। वे ऑस्ट्रेलिया में टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में उनसे बहुत उम्मीदें होंगी।
गेंदबाजी
मुंबई के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को भी पहले टी-20 में मौका मिला है। शार्दुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी खेले थे। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी हाल ही में अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ विकेट भी चटकाए थे। स्पिन ऑलराउंडर के रूप में वाशिंगटन सुंदर हैं। टीम के अनुभवी और स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल भी टीम में शामिल हैं। चहल किसी भी परिस्थिति में विकेट निकालने में सक्षम हैं। वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी टी-20 सीरीज का हिस्सा थे और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था। भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज और गेंदबाजी आक्रमण के सबसे अनुभवी खिलाड़ी भुवनेश्वर कुमार चोट से उबर चुके हैं। अपनी सटीक लाइन लेंथ और डेथ ओवर में यॉर्कर के साथ स्विंग कराने की काबिलियत टीम को मदद दिलाएगी। बुमराह और शमी की गैरमौजूदगी में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व उनके हाथों में है।