भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें एक-एक मुकाबले जीतकर बराबरी पर हैं और कटक वन-डे में सीरीज जीतने के इरादे से उतरेंगी। श्रृंखला के पहले मुकाबले में मेजबानों पर मेहमान भारी पड़े थे। वहीं दूसरे मैच में टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में कैरेबियाई टीम को पटखनी दी थी।
INDvWI: इन 11 धुरंधरों के दम पर सीरीज जीतने उतरेगा भारत, ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI
ओपनर्स
केएल राहुल और रोहित शर्मा टीम इंडिया की ओपनिंग की कमान संभालेंगे। सीरीज के दूसरे मुकाबले में दोनों ने शानदार शतकीय पारी खेली थी और पहले विकेट के लिए 227 रन की साझेदारी निभाई। शिखर धवन की गैरमौजूदगी राहुल ने एक बार फिर से सलामी बल्लेबाज के तौर पर खुद को साबित किया है। सीरीज के निर्णायक मुकाबले में फैंस और टीम प्रबंधन चाहेगा कि दोनों एक बार फिर से टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाएं।
मध्यक्रम
नंबर तीन पर कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी करने के लिए आएंगे। विंडीज के खिलाफ खेले गए सीरीज के दोनों मुकाबलों में विराट का बल्ला खामोश रहा है। सीरीज डिसाइडर मैच में फैंस चाहेंगे कि कोहली के बल्ले से एक शानदार पारी निकले। विराट के बाद श्रेयस अय्यर नंबर चार पर खेल सकते हैं। अय्यर ने अब तक खेले इस सीरीज के दोनों मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। बल्लेबाजी को और मजबूत बनाने के लिए केदार जाधव को भी शामिल किया जा सकता है।
ऑलराउंडर
ऑलराउंडर की भूमिका में रवींद्र जडेजा को प्लेइंग 11 में विराट कोहली शामिल कर सकते हैं। हलांकि इस सीरीज में जडेजा ने अपनी प्रतिभा के अनुसार प्रदर्शन नहीं किया है।
विकेटकीपर
विंडीज के खिलाफ वन-डे सीरीज में ऋषभ पंत का बल्ला बोला है। उन्होंने दोनों मुकाबलें में बल्ले से बेहतरीन योगदान दिया है। विशाखापट्टनम में पंत ने 16 गेंदो में 39 रन की धमाकेदार पारी खेली थी और टीम इंडिया के स्कोर बोर्ड को तेजी से चलाया था। इस मैच में भी पंत ही विकेट के पीछे दस्तानों में नजर आएंगे।
