टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने वन-डे में विराट ब्रिगेड की सबसे बड़ी समस्या का हल बताया है। भारतीय क्रिकेट के 'दादा' ने कहा है कि वह आंख बंद करके भी सौरव गांगुली को नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए चुनना पसंद करेंगे।
हाल ही में टीम इंडिया को इंग्लैंड से तीन मैचों की वन-डे सीरीज में 2-1 की शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इंग्लैंड ने पहला मैच हारने के बाद जोरदार वापसी की और लगातार दो मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम की। कप्तान विराट कोहली ने मैच के बाद स्वीकार किया कि टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर अस्थायी है, जो चिंता का विषय बना हुआ है।
गांगुली ने कहा, 'केएल राहुल चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने आएंगे, जिससे एमएस धोनी पर दबाव कम होगा। धोनी को दोबारा नंबर-6 पर बल्लेबाजी करना चाहिए। मगर धोनी के नीचे आने का मतलब यह भी है कि उन्हें आक्रामक बल्लेबाजी करना होगी।' गांगुली ने जोर देकर कहा कि शीर्ष चार बल्लेबाजों को टीम का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज होना जरूरी है।
गांगुली ने आगे कहा, 'जाइए और केएल राहुल से कहिए कि आपको 15 मैच देता हूं, जाओ और खेलो। टीम इंडिया को नंबर-4 पर बल्लेबाज की जरूरत है। एमएस धोनी, सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक क्रमश: पांचवें, छठें और सातवें स्थान के लिए बढ़िया विकल्प हैं। मगर शीर्ष खिलाड़ी को नंबर-4 पर मौका मिलना जरूरी है।'
हाल ही में गांगुली ने विराट कोहली समेट टीम प्रबंधन पर निशाना साधते हुए रहाणे और राहुल की जगह को लेकर बयान दिया था। उनका मानना है कि टीम प्रबंधन केएल राहुल और अजिंक्य रहाणे का सही ढंग से इस्तेमाल नहीं कर रही है। गांगुली ने मैच के बाद अधिकारिक प्रसारणकर्ता से बातचीत में कहा, 'फिलहाल भारत की टीम शीर्ष क्रम पर काफी निर्भर है। अगर आपका शीर्ष क्रम रन नहीं बनाता तो टीम को जूझना पड़ता है। आपके पास इंग्लैंड जैसा स्तर होना चाहिए।'