टीम इंडिया ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे का सुखद अंत किया। विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोई सीरीज नहीं हारी। टी20 अंतरराष्ट्रीय में सीरीज 1-1 से बराबर रही। टेस्ट सीरीज में भारत ने 2-1 से बाजी मारी और फिर वन-डे सीरीज भी विराट ब्रिगेड ने 2-1 से अपने नाम की। भारतीय टीम का ऑवरऑल प्रदर्शन शानदार रहा, लेकिन यह कहना गलत नहीं होगा कि कप्तान विराट कोहली ने अपनी अलग छवि बनाई और अपनी उपस्थिति से कंगारुओं के मन में खौफ बनाए रखा।
विराट कोहली ने अगले 8 साल के प्लान का किया खुलासा, बोले- क्रिकेट मेरे लिए सबसे स्पेशल नहीं...
ऑस्ट्रेलिया दौरा खत्म होने के कुछ समय के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक छोटी वीडियो क्लिप में अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलासा किया। विराट ने यह वीडियो क्लिप अपनी आधिकारिक ऐप के लिए बनाई है। दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि संन्यास लेने के बाद वह ज्यादा से ज्यादा समय अपने परिवार के साथ बिताएंगे क्योंकि वह क्रिकेट को जिंदगी का हिस्सा मानते हैं, लेकिन जिंदगी नहीं।
Family, cricket & more.. Catch me talking about all of it only on my official app! 😊
— Virat Kohli (@imVkohli) January 19, 2019
Click on the link below to watch the full video -https://t.co/0MnACwss3q pic.twitter.com/BUIGCRl9OG
अपनी आधिकारिक ऐप पर रिलीज किए वीडियो क्लिप में विराट ने कहा, 'क्रिकेट मेरी जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन जिंदगी से बढ़कर कुछ नहीं। मुझे पता है कि लोग इसे ज्यादा गंभीरता से लेंगे कि मैं क्रिकेट को अपनी जिंदगी नहीं मानता, इसका मतलब मैं पर्याप्त समर्पित नहीं हूं। मेरा इसमें कोई विश्वास नहीं हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं जो कह रहा हूं, अगर उसके लिए समर्पित हूं तो हूं, लेकिन बड़ी चीज हमेशा जिंदगी होती है। क्योंकि जो कुछ भी हो, जब आप घर लौटेंगे तो आपकी प्राथमिकता परिवार होता है रहेगा।' बकौल कोहली, 'क्रिकेट मेरी जिंदगी का विशेष हिस्सा रहेगा, लेकिन मेरी जिंदगी की सबसे स्पेशल चीज नहीं। मैं इसी तरह अपनी जिंदगी को देखता हूं।' भारतीय कप्तान विराट कोहली अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वन-डे सीरीज में क्रिकेट एक्शन में नजर आएंगे।