Indian Team Reunion: साथ नजर आए अगरकर-कैफ और सहवाग, नेहरा और युवी भी दिखे; पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं
Cricketers Reunion: युवराज सिंह, आशीष नेहरा, वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ और अजीत अगरकर जैसे पूर्व भारतीय खिलाड़ी हाल ही में एक साथ नजर आए। इन्हें देखकर भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को पुराने दिन याद आ गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व खिलाड़ी स्वर्गीय बिशन सिंह बेदी के बेटे अंगद बेदी ने अपने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा की है जिसमें युवराज, कैफ, सहवाग, अगरकर और आशीष नेहरा स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर गौरव कपूर के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। बेदी ने ऐसी कई सारी तस्वीरें साझा की हैं जिसमें युवराज अपने पुराने साथियों के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। बेदी ने तस्वीरें शेयर कर कैप्शन लिखा, द ब्यॉज क्लब।
युवराज, कैफ और सहवाग हाल ही में एक कॉमेडी शो में भी नजर आए थे। युवराज और सहवाग 2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप की विजेता टीम का हिस्सा रहे थे। इन खिलाड़ियों को भारतीय टीम को कई यादगार जीत दिलाई है। युवराज और कैफ ने 2002 में नेटवेस्ट फाइनल मैच में शानदार साझेदारी कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। 300 से अधिक रन का पीछा करते हुए भारत ने सचिन तेंदुलकर, सहवाग और सौरव गांगुली के विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कैफ और युवराज ने साझेदारी कर लॉड्स में भारत को जीत दिलाई थी।
युवराज सिंह, कैफ, सहवाग और नेहरा की गिनती भारत के दिग्गज खिलाड़ियों में होती है। इन खिलाड़ियों ने लंबे समय तक भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है और कई यादगार और ऐतिहासिक जीत का हिस्सा रहे हैं। अगरकर के पास फिलहाल बड़ी जिम्मेदारी है तो वहीं नेहरा आईपीएल में गुजरात टाइटंस के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं। सहवाग, कैफ और युवराज भी अक्सर कमेंट्री करते नजर आते हैं। इतना ही नहीं ये खिलाड़ी चैरिटी लीग में भी खेलते नजर आ चुके हैं। वहीं, इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है और फैंस के मन में इन्हें देखकर पुरानी भारतीय टीम की यादें ताजा हो गई हैं।