विश्व योग दिवस की तैयारियां जोरों पर है। पीएम मोदी के साथ योग करने के लिए इस बार आम जनता के साथ बीजेपी और कांग्रेस के नेता मिलकर योग करते नजर आएंगे।
....तो विश्व योग दिवस पर पीएम मोदी संग भाजपा-कांग्रेस के नेता मिलकर करेंगे योग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम में विपक्ष को भी शामिल होने का न्यौता दिया गया है। प्रधानमंत्री खुद इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। ऐसे में राजनीति से ऊपर उठकर आम जनता के साथ अन्य दलों को भी पहुंचना चाहिए। वे मंगलवार को परेड ग्राउंड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से निकाले गए ‘वॉक फॉर योगा’ के दौरान मीडिया से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि देश ने योग को दुनिया भर में विशेष पहचान दी है। उत्तराखंड ऋषि-मुनियों की धरती है। योग हमारी संस्कृति की पुरानी विरासत है। ऐसे में लोगों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों को भी इसमें हिस्सा लेना चाहिए।
नियमित योग के जरिये व्यक्ति निरोगी होने के साथ ही युवा रह सकता है। इससे पहले ‘वॉक फॉर योगा’ की शुरुआत हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के नेतृत्व में विधायकों, पदाधिकारियों के साथ ही सैकड़ों कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। महानगर कार्यालय से शुरुआत के बाद इंदिरा मार्केट, राजपुर रोड, पलटन बाजार, डिस्पेंसरी रोड से होते हुए भाजपा कार्यालय पर वॉक संपन्न हुआ।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, राजपुर विधायक खजानदास, मसूरी विधायक गणेश जोशी, सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने की। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सोनी, शादाब शम्स, महानगर महामंत्री आदित्य चौहान व राजेंद्र ढिल्लों, अनिल गोयल, विश्वास डाबर, पुनीत मित्तल, ब्रिजेश गुप्ता, अनिता ममगाई, विनोद उनियाल, राजीव उनियाल आदि मौजूद रहे।