दोपहर बाद करीब 4 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से उत्तराखंड में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया। इस दौरान कई जगह पुलिया बह गई। इधर, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग गबनी गांव से बेडूबगड़ के बीच कई जगहों पर बाधित हो गया, जिससे लगभग तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सीओ श्रीधर प्रसाद बडोला के नेतृत्व में पुलिस शाम 7 बजे के बाद भी यातायात बहाल करने में जुटी रही। इधर, बदरीनाथ हाईवे भी रैंतोली में आधा घंटे बंद रहा।
PICS: मूसलाधार बारिश से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ा, पुल बहने से हाईवे और कई रास्ते हुए बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को दोपहर बाद बादलों की तेज गर्जना के साथ कुछ देर अंधड़ आया। इसके बाद करीब 3.30 बजे से शुरू हल्की बारिश धीरे-धीरे तेज होने लगी। इसके बाद भारी ओलावृष्टि के साथ 4 बजे से शुरू मूसलाधार बारिश शुरू हुई जो करीब 45 मिनट रही। तेज बरसात के कारण क्षेत्र के गाड़-गदेरे ऊफान पर बहने से मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ने लगा। स्थिति यह रही कि विजयनगर में नदी पर बनी वैकल्पिक पुलिया भी कुछ ही देर में जलमग्न हो गई, जिससे क्षेत्रीय जनता का विजयनगर व अगस्तयमुनि से संपर्क कट गया। दो तरफा आवाजाही के लिए लोगों को पुन: जर्जर ट्राली का सहारा लेना पड़ा। देर शाम तक ट्राली से लोगों की आवाजाही होती रही।
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग गबनी, सौड़ी से लेकर बेडूबगड़ तक करीब तीन किमी क्षेत्र में कई जगहों पर पहाड़ी से पत्थर व भारी मलबा गिरने से अवरूद्ध हो गया। राजमार्ग के बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में ज्यादातर यात्रियों के वाहन थे। इस दौरान एनएच द्वारा मशीनों से प्रभावित स्थानों पर मलबा साफ कर यातायात को कम से कम समय में बहाल करने का प्रयास किया गया। इधर, सीओ बडोला व थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं के नेतृत्व में पुलिस बल राजमार्ग पर लगे जाम को खोलने में जुटा रहा। उधर, ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी गुलाबराय-रैंतोली के समीप पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से यातायात लगभग आधा घंटे बंद रहा। पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि दोनों हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात है।
दो दिन की उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार दोपहर बाद जिला मुख्यालय सहित जनपद के निचले इलाकों में कुछ देर रिमझिम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के साथ तेज हवा भी चलती रही। दोपहर को रुद्रप्रयाग में तापमान 29 डिग्री सेल्सियश तक पहुंच गया था। उधर, केदारनाथ में दोपहर के बाद से हल्का कोहरा छाया रहा। इससे पूर्व सुबह से यहां मौसम साफ था और धूप खिली रही। लेकिन दिन चढने के साथ मौसम बदलने लगा। आसमान में बादलों के छाने के साथ ही केदारनाथ व केदारपुरी में कोहरा छाने लगा, जिस कारण हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित होती रही।