श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक के बाद एक ऑडियो वायरल हुए हैं। इसी कड़ी में एक ऑडियो में गाली गलौज करने के मामले में लड़पुरा गांव के संचित उर्फ सिंगा पंडित को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि आरोपी ने समाज में नफरत फैलाने का काम किया है। आरोपी ने पुलिस अफसरों व एक समाज का नाम लेकर गालियां दीं। आरोपी पर आईपीसी की धारा-153ए, 505, आईटी एक्ट आदि के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है।
एक और गालीबाज: कौन है सिंगा पंडित? जो पुलिस और एक समाज को दे रहा गालियां, श्रीकांत त्यागी मामले से जुड़े तार
दो दिन से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके साथ सांसद डॉ. महेश शर्मा के साथ खड़े लडपुरा निवासी सिंगा का भी फोटो वायरल किया गया है। वायरल पोस्ट में सिंगा को सांसद का निजी सुरक्षाकर्मी बताया गया है, लेकिन आरोपी के परिजनों ने उसके सुरक्षाकर्मी होने से इनकार किया है। वहीं, पुलिस ने भी इसकी पुष्टि नहीं की है।
वायरल पोस्ट में मोदीनगर निवासी युवक और सिंगा के बीच श्रीकांत त्यागी प्रकरण को लेकर वार्ता हो रही है। मोदीनगर के युवक ने सिंगा के सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के संबंध में कॉल की थी। आरोप है कि इसी वार्तालाप के दौरान सिंगा लगातार गालियां दे रहा है।
सिंगा पंडित को एक ऑडियो वायरल होने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। ऑडियो में आरोपी गाली गलौज कर रहा है। इससे समाज में नफरत फैल रही थी। विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गुंडा एक्ट भी लगाया गया है। - विशाल पांडेय, एडीसीपी, ग्रेटर नोएडा
नोएडा स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में हुए विवाद व बवाल के मामले में गिरफ्तार किए गए सात और आरोपी बृहस्पतिवार को जेल से रिहा हो गए। एक आरोपी नकुल बुधवार को रिहा हुआ था। फिलहाल श्रीकांत त्यागी और चालक राहुल जिला कारागार में बंद हैं। जेल अधीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को नितिन त्यागी, प्रिंस त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रवि पंडित, चर्चिल राणा और श्रीकांत त्यागी के साथ गिरफ्तार किए गए संजय को रिहा कर दिया गया। इन आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय ने जमानत दी थी।