दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार कॉरिडोर) के दूसरे सेक्शन दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस-लाजपत नगर पर यात्रियों के लिए 6 अगस्त से मेट्रो फर्राटा भरेगी। इससे सरोजनी नगर, आईएनए और लाजपत नगर एक दूसरे से कुछ ही मिनटों में जुड़ जाएंगे। इस सेक्शन का उद्घाटन केंद्रीय शहरी एवं विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री मेट्रो भवन से रिमोट से करेंगे। दोपहर एक बजे के बाद यह मार्ग यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
पिंक लाइन का दूसरा सेक्शन 6 अगस्त से होगा शुरू, सीएम केजरीवाल दिखाएंगे हरी झंडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस मार्ग पर पड़ेंगे ये स्टेशन
8.10 किमी लंबे पिंक लाइन के दूसरे सेक्शन दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस-लाजपत नगर पर छह स्टेशन होंगे, जिनमें सर विश्वेश्वरैया मोती बाग, भीकाजीकामा प्लेस, सरोजिनी नगर, आईएनए, साउथ एक्सटेंशन और लाजपत नगर शामिल हैं। इस सेक्शन पर सर विश्वेश्वरैया मोती बाग स्टेशन ही एलीवेटेड (ऊपरी) स्टेशन है, जबकि बाकि पांच स्टेशन भूमिगत हैं। खास बात यह है कि इस सेक्शन पर पिंक थीम यात्रियों को आकर्षित करेगी।
लाजपत नगर से धौला कुंआ 16 मिनट में
इस सेक्शन के खुलने से लाजपत नगर से धौला कुंआ महज 16 मिनट में पहुंचा जा सकता है। इससे पहले यात्रियों को वॉयलेट लाइन से मंडी हाउस पर ब्लू लाइन और फिर राजौर गार्डन से पिंक लाइन लेकर धौला कुंआ पहुंचना पड़ता था, जिसमें 64 मिनट लगते थे। अब यात्रियों के 50 मिनट बचेंगे और साथ ही किराया भी कम लगेगा। वहीं एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, येलो लाइन और वॉयलेट लाइन पर इंटरचेंज से गंतव्यों तक पहुंचने में समय की बचत होगी।
मेट्रो के होंगे 296 किमी और स्टेशन 214
पिंक लाइन का दूसरा सेक्शन खुलने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क बढ़कर 296 किमी हो जाएगा। जबकि स्टेशनों की संख्या 214 हो जाएगी। हालांकि पिंक लाइन कॉरिडोर पर मजलिस पार्क से लाजपत नगर के क्षेत्र की लंबाई 29 किमी हो जाएगी। पिंक लाइन के मजलिस पार्क से शिव विहार कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 58 किमी है।
दिल्ली का मार्केट हब होगा कनेक्ट
इस सेक्शन के खुलने से सरोजिनी नगर, आईएनए और लाजपत नगर मार्केट पहुंच बेहद आसान हो जाएगा। अब पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली के यात्री भी कुछ ही मिनटों में इन तीनों मार्केट पहुंचकर खरीदारी कर सकेंगे। कारोबारी वर्ग को इस सेक्शन से सबसे ज्यादा फायदा होगा। वर्तमान में खास तौर पर पश्चिमी दिल्ली के लोगों को ब्लू लाइन और मजेंटा लाईन के जरिये वॉयलेट लाईन पर इंटरचेंज के बाद लाजपत नगर तक पहुंचना पड़ता है।
लाजपत नगर पर खूबसूरत आर्ट गैलरी
लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन को बेहतरीन चित्रकारी से आर्ट गैलरी की तरी सजाया गया है। यहां पर बनाई गई अद्भुत चित्रकारी यात्रियों के मन को खूब भायेगी। इससे पहले ऐसी चित्रकारी किसी स्टेशन पर नहीं बनाई, जिस मार्बल पत्थर के लेयर में तैयार करके दीवारों पर बड़े आकार में पेश किया गया है।
आईएनए और लाजपत नगर पर इंटरचेंज
इस सेक्शन पर आईएनए पर येलो लाइन और लाजपत नगर पर वॉयलेट लाइन पर इंटरचेंज की सुविधा होगी। यहां से यात्री अपने गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
आईएनए स्टेशन पर दिखेगा आसमान का नजारा
आईएनए मेट्रो स्टेशन का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है, मानों आसमान का नजारा दिखाई दे रहा हो। यहां पर आने वाले यात्रियों को एएफसी गेट पर आते ही इस ऐसा आभास होगा। यहां छत में कलाकारी के जरिये बादल बनाए गए हैं।
सरोजिनी नगर पर दिखेंगे खास लाइटिंग इफेक्ट
सरोजिनी नगर मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म एरिया को स्टेशन की छत से जोड़ने वाले पिलरों पर पिंक थीम लाइटिंग नए अंदाज में नजर आएगी। यहां पिलरों को छत से छूने वाला हिस्सा अर्धअंडाकार शेप में पिंक लाइट से जगमगा रहा है और स्टील की लेयर से ढके हुए सभी पिलरों पर ऊपरी हिस्से पर पिंक रोशनी विदेशों जैसा नजारा पैदा कर रही है।