बतौर निर्माता आमिर खान की अगली फिल्म ‘लापता लेडीज’ रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म का निर्देशन उनकी पूर्व पत्नी और इस फिल्म की सह निर्माता किरण राव कर रही हैं। आमिर की मदद से किरण राव ने फिल्म के लिए ऐसे कलाकारों का चयन किया है, जिन्हें देखकर पहली बार में पता ही न चले कि आखिर ये फिल्म में किरदार कौन सा करने वाले हैं? किरण राव कहती हैं, ‘ऐसा इसलिए जानबूझकर किया गया ताकि दर्शक फिल्म देखते समय बार बार चौंकते रहें। फिल्म 'लापता लेडीज' के स्पेशल शोज में ‘अमर उजाला’ भी शामिल हो चुका है। फिल्म की समीक्षा तो खैर इसकी रिलीज के समय ही प्रकाशित होगी, तब तक आपको बताते हैं इनके चुनिंदा कलाकारों के बारे में...
Laapataa Ladies: चुन चुनकर लाए गए ‘लापता लेडीज’ के कलाकार, ‘पंचायत’ के बनराकस से लेकर ‘जामताड़ा’ के सन्नी और..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्पर्श श्रीवास्तव
उतर प्रदेश में आगरा के रहने वाले अभिनेता स्पर्श श्रीवास्तव को आमिर खान प्रोडक्शन्स की फिल्म 'लापता लेडीज' में बड़ा मौका मिला है। स्पर्श श्रीवास्तव साल 2010 में डांस रियलिटी शो ‘चक धूम धूम’ के विजेता हैं। धारावाहिक 'बालिका वधू' में कुंदन की भूमिका निभाकर भी वह सुर्खियां बटोर चुके हैं। लोगों का सही तरीके से उनकी तरफ ध्यान वेब सीरीज 'जामताड़ा' में गया। अब वह फिल्म 'लापता लेडीज' में उस दूल्हे का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी नई नवेली बीवी पहली बार ससुराल पहुंचने से पहले ही खो गई है।
प्रतिभा रांटा
किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म 'लापता लेडीज' में प्रतिभा रांटा ने फिल्म की दो दुल्हनों में से एक पुष्पा रानी की भूमिका निभाई है। हिमाचल प्रदेश में शिमला के करीब दरोटी गांव की रहने वाली प्रतिभा रांटा ने साल 2017 में 'इंडियन हिप-हॉप चैंपियनशिप' रियलिटी शो जीता था। साल 2018 में वह मिस मुंबई बनीं और छोटे परदे पर उनका सफर शुरू हुआ धारवाहिक ‘कुर्बान हुआ' से। फिल्म ‘लापता लेडीज’ को लेकर वह इन दिनों काफी उत्साहित हैं। प्रतिभा रांटा कहती हैं, 'इस फिल्म को करने के बाद मेरे काम करने का तरीका और सोचने का तरीका बदल गया।
नितांशी गोयल
उत्तर प्रदेश में नोएडा की रहने वाली नितांशी गोयल बड़े पर्दे पर आमिर खान की फिल्म 'लापता लेडीज' के जरिए डेब्यू कर रही हैं। किरण राव के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी दो दुल्हनों की है, जो लंबा घूंघट लिए रहती हैं और इसकी वजह से वे ट्रेन में बदल जाती हैं और अलग-अलग जगहों पर पहुंच जाती हैं। इस फिल्म में एक दुल्हन फूल का किरदार नितांशी गोयल ने निभाया है। नितांशी गोयल ने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2016 में धारावाहिक 'मन में विश्वास है' से की। वह धारावाहिक 'नागार्जुन-एक योद्धा', 'थपकी- प्यार की', 'पेशवा बाजीराव', 'कर्मफल दाता शनि' के अलावा वेब सीरीज 'इनसाइड एज 2' में काम कर चुकी हैं।
दाऊद हुसैन
उत्तराखंड के नैनीताल के रहने वाले दाऊद हुसैन 'कैंडी' और 'ट्रिप टू लद्दाख' जैसी फिल्मों के अलावा वेब सीरीज 'आर्या 3' में भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभा चुके हैं। किरण राव के निर्देशन में बनी फिल्म 'लापता लेडीज' में वह गुंजन की भूमिका निभा रहे हैं। साल 2014 में बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लिया था। दाऊद हुसैन रंगमंच के जाने-माने कलाकार मंजूर हुसैन के बेटे हैं।