आदित्य चोपड़ा निर्देशित फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के 25 साल पूरे होने पर इसके हीरो शाहरुख खान ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। दुनिया भर में रूमानी नायकों की फेहरिस्त में अव्वल नंबर रहे शाहरुख खुद को एक रोमांटिक हीरो ही नहीं मानते हैं। फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' की याद करते हुए वह कहते हैं कि परदे पर एक रोमांटिक हीरो की भूमिका निभा सकने के लिए वह खुद को तब तैयार महसूस नहीं करते थे।
शाहरुख कहते हैं, “उस वक़्त तक मैंने पर्दे पर जो भूमिकाएं निभाई थी, राज उसके बिल्कुल विपरीत था। फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' से पहले मैंने डर, बाजीगर, अंजाम जैसी फिल्मों में नकारात्मक किरदारों को ही परदे पर उतारा था। मुझे हमेशा यही लगता था कि मैं किसी भी रोमांटिक किरदार को निभाने के लिए उपयुक्त नहीं हूं। जब यश जी और आदित्य चोपड़ा ने मुझे इस किरदार के बारे में बताया तब मैं उनके साथ काम करने को लेकर तो काफी उत्साहित था लेकिन मुझे ये समझ नहीं आ रहा था कि इसकी शुरुआत कैसे की जाए। मैं ये भी सोच रहा था कि मैं इस किरदार को अच्छी तरह से निभा पाऊंगा या नहीं।”
3 of 6
ddlj
- फोटो : Social Media
शाहरुख के मुताबिक वह बेहद शर्मीले स्वभाव के हैं और महिलाओं की मौजूदगी में उन्हें काफी संकोच होता है, इसलिए वह समझ नहीं पा रहे थे कि फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के रोमांटिक सीन्स को परदे पर किस तरह उतारेंगे। वह कहते हैं, "कई लोगों ने मुझे कहा कि मेरा लुक काफी लीक से हटकर है यानी उनके ख़्याल से मेरा लुक फिल्मों में हीरो के चेहरे को लेकर बनी धारणाओं से बिल्कुल अलग था। मुझे भी ऐसा ही लगने लगा था कि शायद मैं इतना हैंडसम नहीं हूं और वो जो उस समय का 'चॉकलेटी' लुक हुआ करता था, वह मुझमें नहीं हैं। इसलिए मैं नहीं जानता था कि फिल्म के सभी प्यार भरे, रोमांटिक सीन्स को मैं किस तरह निभाऊंगा।”
फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के रजत जयंती वर्ष पर शाहरुख ने एक खुलासा और किया। वह कहते हैं, "मैं इस बात को स्वीकार करता हूं कि मुझे भावुक और रोमांटिक फिल्में पसंद नहीं हैं, लेकिन इस फिल्म में काजोल के साथ अपने दृश्य देखकर मुझे भी काफी अच्छा लगा। ये बात भ सच है कि जब कभी भी रेडियो पर फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का कोई गाना आता है तो मैं रेडियो चैनल नहीं बदलता हूं। इस फिल्म के गानों से मैं कभी बोर नहीं हो सकता। गानों से इस फिल्म की यादें ताजा हो जाती हैं "
ये तो अब सब जानते हैं कि फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का अंतिम दृश्य बड़ा ही शानदार था। इस सीन में सिमरन को उसका पिता अपने मन की जिंदगी जीने के लिए छोड़ देता है और वह ट्रेन से जा रहे राज का हाथ थामने के लिए दौड़ पड़ती है। शाहरुख मानते हैं कि शूटिंग के दौरान इस सीन के कालजयी सीन बन जाने के बारे में उन्होंने सोचा तक नहीं था। वह कहते हैं, "फिल्म की इससे बेहतर एंडिंग कुछ और नहीं हो सकती थी, लेकिन उस वक़्त मुझे ऐसा नहीं लगा था कि आगे चलकर ये फिल्म का आइकॉनिक सीन बन जाएगा।"