अक्षय कुमार के लिए कल बहुत बड़ा दिन है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' रिलीज होने वाली है। इस फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है। सम्राट पृथ्वीराज के शौर्य और पराक्रम को दिखाती इस फिल्म की आज लखनऊ में स्पेशल स्क्रीनिंग कराई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फिल्म की तारीफ करने के साथ ही इसे यूपी में टैक्स फ्री भी कर दिया गया। फिलहाल ये तो सभी जानते हैं कि अक्षय कुमार ने बॉलीवुड के एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी हैं। तो चलिए जानते हैं ऐसी ही कुछ फिल्मों के बारे में जिन्हें देखकर दर्शक कभी हंसते हंसते लोट-पोट हो गए तो कभी अक्षय के शानदार एक्शन ने उनका दिल जीत लिया तो कभी दर्शकों को देशभक्ति की भावना से भर दिया।
Akshay Kumar Movies: 'सम्राट पृथ्वीराज' से पहले देख सकते हैं अक्षय कुमार की ये बेहतरीन फिल्में, कॉमेडी से लेकर एक्शन तक
एयरलिफ्ट (2016)
अक्षय कुमार की फिल्म 'एयरलिफ्ट' इराक और कुवैत की लड़ाई की सच्ची घटना पर आधारित है, जिसमें कुवैत में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने की जद्दोजहद दिखाई गई है। फिल्म में अक्षय कुमार ने भारतीय मूल के उद्योगपति रंजीत कटियार की भूमिका अदा की थी, जो खुद को पूरी तरह से कुवैती मान चुका है लेकिन कठिन समय में वह अपनी जान की परवाह किए बिना अपने देश के लोगों को सही सलामत उनके घर पहुंचाने के मिशन में लग जाता है।
वेलकम (2007)
फिल्म वेलकम एक कॉमेडी ड्रामा थी, जिसने लोगों को जमकर हंसाया था। फिल्म में उनके अलावा कटरीना कैफ, नाना पाटेकर, फिरोज खान, अनिल कपूर और मल्लिका शेरावत के अलावा कई अन्य कलाकार नजर आए थे। फिल्म में अक्षय ने एक राजी सैनी नाम के सीधे साधे लड़के का किरदार अदा किया था। वहीं कटरीना कैफ डॉन नाना पाटेकर की बहन संजना एस शेट्टी की भूमिका में थीं।
राउडी राठौर (2012)
फिल्म राउडी राठौर तमिल फिल्म विक्रमार्कुदु की रीमेक थी। इस फिल्म में एक्शन के साथ कॉमेडी भी देखने को मिली थी। अक्षय ने इसमें डबल रोल प्ले किया है। फिल्म में उनके अपोजिट अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा थीं।
रुस्तम (2016)
फिल्म रुस्तम में अक्षय कुमार ने नौसेना के अफसर रुस्तम पावरी का किरदार अदा किया था वहीं अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज उनकी पत्नी सिंथिया पावरी की भूमिका में थीं। सिंथिया और रुस्तम की शादी शुदा जिंदगी में इस समय भूचाल आ जाता है जब रुस्तम को पता चलता है कि उसकी पत्नी के संबंध उसके दोस्त विक्रम मखीजा के साथ हैं। इसके बाद फिल्म में ट्विस्ट एंड टर्न दिखाए गए हैं। फिल्म का ज्यादातर हिस्सा कोर्ट रूम में दिखाया गया है। जानकारी के मुताबिक यह फिल्म भी एक सत्य घटना से प्रेरित थी।