अभिनेत्री ऋचा चड्ढा अपने लुक्स और एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखती नजर आती हैं। मगर, अपने हालिया ट्वीट पर वह विवादों में फंसती नजर आ रही हैं। दरअसल, ऋचा चड्ढा ने हाल ही में भारतीय सेना के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के एक ट्वीट को रीट्वीट करके ऐसी बात कह डाली है, जिस पर विवाद बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स ने ऋचा की क्लास लगाई है। इसके अलावा फिल्मी सितारे भी ऋचा चड्ढा के कमेंट पर हैरान हैं। हाल ही में अक्षय कुमार ने इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
Akshay Kumar: सेना पर ऋचा चड्ढा के बयान पर अक्षय कुमार ने दी प्रतिक्रिया, बोले- 'यह देखकर आहत हूं'
खिलाड़ी कुमार ने लिखी यह बात
अभिनेता अक्षय कुमार ने ऋचा चड्ढा के वायरल ट्वीट के स्क्रीनशॉट को रिट्वीट किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, 'यह देखकर आहत हूं। किसी को कभी हमारी आर्मी फोर्स के प्रति एहसान फरामोश नहीं होना चाहिए। वो हैं तो आज हम हैं।' इसके साथ अक्षय ने हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी बनाई है।
विवेक अग्निहोत्री ने भी दिया जवाब
फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने भी ऋचा चड्ढा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्ट्रेस के इस कमेंट को बॉलीवुड में बायकॉट ट्रेंड से जोड़ा है। उन्होंने ऋचा चड्ढा के वायरल ट्वीट के स्क्रीनशॉट को रिट्वीट करते हुए लिखा, 'इस व्यवहार को देखकर मैं बिल्कुल भी हैरान नहीं हुआ हूं। वो सच में एंटी-इंडिया फील करते हैं। दिल की बात जुबान पर आ ही जाती है और फिर ये पूछते हैं कि लोग बॉलीवुड को बायकॉट क्यों करना चाहते हैं।'
यह है पूरा मामला!
बता दें कि सोशल मीडिया पर यह पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब ऋचा ने उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कमांडर लेफ्टिनेट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था कि भारतीय सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के आदेश को पूरा करने के लिए तैयार हैं। हम सरकार के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। हम जल्द ही ऑपरेशन पूरा करेंगे।' इसी बयान को कोट करते हुए ऋचा चड्ढा ने ट्विटर पर लिखा, 'गलवान हाय कह रहा है'। इसके बाद यूजर्स ने भी एक्ट्रेस को खूब खरी-खरी सुनाईं। लोगों का कहना है कि ऋचा ने गलवान में शहीद हुए हमारे जवानों का मजाक उड़ाया है। ट्रोलिंग के बाद ऋचा चड्ढा ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया और साथ ही एक अन्य ट्ववीट में उन्होंने अपने कमेंट पर माफी भी मांगी है। लेकिन, अब उनके पुराने ट्वीट के स्क्रीनशॉट्स जमकर वायरल हो रहे हैं।