मनोरंजन जगत में चल रही उथल पुथल के बीच वॉयकॉम 18, डिजनी इंडिया, फॉक्स स्टार स्टूडियोज और जी5 के बाद अब अगली बारी अमेजन प्राइम वीडियो में प्रबंधन परिवर्तन की दिख रही है। ओटीटी के कंटेंट हेड विजय सुब्रहमण्यम रविवार को जिस शिद्दत से अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज फिल्म ‘कुली नंबर वन’ को साल की बेहतरीन फिल्म बताने में लगे रहे, उससे ये शंका और बढ़ जाती है। जानकारी के मुताबिक, देश के अलग अलग भाषाओं के अखबारों व न्यूज पोर्टल्स पर प्रकाशित हुई फिल्म ‘कुली नंबर वन’ की समीक्षाओं की एक फाइल कंपनी के मुख्यालय सिएटल, वाशिंगटन पहुंचने के बाद से प्राइम वीडियो में काफी हलचल है।
प्राइम वीडियो के सिएटल मुख्यालय तक पहुंचा ‘कुली नंबर 1’ का किस्सा, फिल्म को हिट बताने का प्रयास जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते साल कोरोना संक्रमण काल में वॉयकॉम 18 से इसके मुखिया सुधांशु वत्स की विदाई हुई। फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने गिनती के कर्मचारी छोड़ कंपनी के सारी टीम को ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। और, हाल ही में जी5 से इसके सीईओ तरुण कटियाल की भी विदाई हो गई। बीते साल का सबसे बड़ा फेरबदल रहा डिजनी इंडिया के अध्यक्ष पद से उदय शंकर का जाना। ये सारे दिग्गज अपनी अपनी कंपनियों का मनोरंजन जगत में लंबे समय तक चेहरा रहे। इन कंपनियों के प्रबंधन ने आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए इस दौरान तमाम कड़े फैसले लिए। आर्थिक प्रबंधन के परीक्षण का अगला दौर अब अमेजन प्राइम वीडियो में शुरू होने वाला है। सालाना अप्रेजल के आखिर में यहां भी कुछ बड़े विकेट गिरने की आशंका जताई जा रही है।
अमेजन प्राइम वीडियो ने ही कोरोना संक्रमण काल में बड़ी हिंदी फिल्मों को सीधे ओटीटी पर रिलीज करने की पहल की थी। अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ की सीधे ओटीटी पर रिलीज का घरों में कैद लोगों ने दिलखोलकर स्वागत भी किया, हालांकि फिल्म रिलीज हुई तो इसने लोगों का अवसाद घटाने की बजाय और बढ़ा दिया। इसके बाद तमाम दूसरे ओटीटी ने भी हिंदी की बड़ी फिल्मों को सीधे ओटीटी पर रिलीज करना शुरू कर दिया। इनमें से डिजनी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई फिल्म ‘लूटकेस’, नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हुई ‘गुंजन सक्सेना’ काफी लोकप्रिय भी हुईं।
लेकिन, प्राइम वीडियो पर दो और फिल्में ‘दुर्गामती’ और ‘कुली नंबर वन’ को दर्शकों ने पसंद नहीं किया। देश के तकरीबन सभी समाचार पत्रों और न्यूज पोर्टल्स ने दोनों फिल्मों की मेकिंग को अच्छा नहीं बताया। ‘कुली नंबर वन’ को तो आईएमडीबी में भी रेटिंग काफी खराब मिली जबकि ये प्राइम वीडियो चलाने वाली कंपनी अमेजन की ही सहयोगी कंपनी है। ‘कुली नंबर वन’ का कंटेंट खराब होने और इसे बिना देखे ही प्राइम वीडियो के प्रबंधन की हरी झंडी मिलने की बात सामने आते ही अमेजन प्राइम वीडियो के बेंगलुरू से लेकर सिएटल दफ्तरों तक छानबीन शुरू हो चुकी है। मुंबई से एक फाइल सिएटल दफ्तर ऐसी भी पहुंची है जिसमें देश की विभिन्न भाषाओं के अखबारों व न्यूज पोर्टल्स पर फिल्म ‘कुली नंबर वन’ के रिव्यूज की कतरने लगी हैं।
अब फिल्म ‘कुली नंबर वन’ को दर्शकों की पसंदीदा फिल्म बताने के जतन शुरू हुए हैं। आईएमडीबी के यूजर्स के जरिए इसकी रेटिंग में बढ़ोत्तरी की जा रही है। आईएमडीबी की व्यवस्था का एक लूपहोल ये है कि अमेजन प्राइम की सदस्यता लेकर कोई भी आम आदमी किसी भी फिल्म की रेटिंग बना और बिगाड़ सकता है। अगर ये काम दो चार हजार अलग अलग आईडी से कर दिया जाए तो नतीजे चौंकाने वाले होते रहे हैं। इसके अलावा ऑरमैक्स मीडिया नाम की एक एजेंसी की तरफ से भी फिल्म को ओटीटी पर चल रही सामग्री में नंबर वन बताया जा रहा है। इस बारे में ऑरमैक्स ने जो ट्वीट किया है, उसमें इसका आधार ‘बज़’ को बताया गया है। हिंदी-अंग्रेजी शब्दों के अर्थ बताने वाली वेबसाइट शब्दकोष डॉट कॉम के अनुसार ‘बज़’ का अर्थ भनभनाहट, माहौल, रोमांच, अफवाह में से प्रयोग के आधार पर कुछ भी हो सकता है।