अमिताभ बच्चन सोमवार को 79 साल के हो गये हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने 'कमला पसंद' के साथ करार खत्म कर दिया है। बिग बी ने कहा, मैंने पान मसाला ब्रांड कमला पसंद के साथ अनुबंध समाप्त कर दिया है। फीस वापस लौटा दी है। उन्होंने यह कदम विज्ञापन के ऑन एयर होने के कुछ समय बाद ही उठाया। जन्मदिन के मौके पर अमिताभ ने अपने बंगले जलसा से बाहर आकर फैंस का अभिवादन भी किया। इंडस्ट्री के इस महानायक को उनके जन्मदिन के मौके पर तमाम हस्तियां शुभकामनाएं दे रही हैं। परिवार के सदस्य भी अमिताभ को जन्मदिन विश कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन बर्थडे: जब ऐश्वर्या और आराध्या को देखकर 'बिग बी' के आंखों में आ गये थे आंसू, ये थी वजह
अमिताभ की बहू ऐश्वर्या राय और पोती आराध्या भी कोरोना वायरस की चपेट में आ ही गई थीं। इस वजह से दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बिग बी को उनकी बहुत चिंता सता रही थी। उन्होंने अपने एक पोस्ट के जरिए उस क्षण को याद किया था जब ऐश्वर्या और आराध्या अस्पताल से घर लौटीं थीं।
दरअसल, ऐश्वर्या राय बच्चन और आराध्या जब नेगेटिव रिपोर्ट के बाद घर लौटीं, तो अमिताभ बच्चन भावुक हो गये थे। उन्होंने उस वक्त अपनी पोस्ट में लिखा था, आराध्या और ऐश्वर्या जब हॉस्पिटल से लौटीं तो मैं अपने आंसू नहीं रोक पाया। अमिताभ ने पोस्ट में ईश्वर को धन्यवाद दिया था। उन्होंने उस क्षण का वर्णन करते हुए लिखा था कि प्रभू तेरी कृपा अपार और अपरंपार है।
अमिताभ के इस पोस्ट ने यह साबित कर दिया कि बिग बी अपनी पोती और बहू ऐश्वर्या राय को कितना प्यार करते हैं और उनके लिए कितना चिंतित रहते हैं।
दरअसल अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय को बहू नहीं बल्कि बेटी मानते हैं। उन्होंने खुद अपने एक इंटरव्यू में यह बात कही थी। उन्होंने कहा था कि हमारे लिए कुछ नहीं बदला। ये वैसा ही है जैसे एक बेटी गई और दूसरी आई। अमिताभ का कहने का आशय था कि भले ही उनकी बेटी श्वेता शादी के बाद घर से विदा हो गई है लेकिन ऐश्वर्या राय के रूप में उनके घर में फिर से बेटी आ गई है। इससे उनका ऐश्वर्या राय के प्रति लगाव झलकता है।
