मायानगरी मुंबई में जब भी कोई नया शख्स संघर्ष करने आता है तो वो यही सोचता है कि उसे फिल्म जगत में अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान सहित अपने पसंदीदा सितारे की तरह सफलता हासिल करनी है। लेकिन ये तो आप सब जानते हैं कि बॉलीवुड जगत बाहर से देखने में जितना बड़ा और शानदार है, यहां पर उतने ही राज छुपे हैं। हर सितारे की अपनी एक संघर्ष भरी जिंदगी रही है। बड़े-बड़े बॉलीवुड सितारो की जिंदगी में एक ऐसा समय आ चुका है जब वो फिल्में न मिलने या फिल्म के फ्लॉप होने की वजह से वो दिवालिया हो चुके थे। उस वक्त उनके दोस्तों ने आगे बढ़कर उनकी मदद की थी।
ये नामी सितारे एक समय में हो चुके हैं पाई-पाई के मोहताज, इस सुपरस्टार पर था 90 करोड़ का कर्ज
अमिताभ बच्चन
एक पोस्ट साझा करते हुए खुद अमिताभ ने बताया था कि एक समय पर वो पूरी तरह से दीवालिया हो चुके थे। अमिताभ ने अपनी पोस्ट में कहा, 'साल 2000 में, जब पूरी दुनिया नई सदी का जश्न मना रही थी, उस दौरान में दुर्भाग्य से अपने सबसे बुरे दौर का जश्न मना रहा था। मेरे पास कोई फिल्म, कोई पैसा और कोई कंपनी नहीं थी।" हम आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन की फिल्म कंपनी 1999 में एक वित्तीय समस्या में फंस गई थी, जिसकी वजह से अमिताभ बच्चन दीवालिया हो गए थे और उन्हें अपनी पूरी संपत्ति गिरवी रखनी पड़ी थी। उनके ऊपर 90 करोड़ का कर्ज हो गया था और उसे उतारने के लिए उनके पास एक भी फिल्म नहीं थी। फिल्म जगत में बड़ा नाम होने के बावजूद भी अमिताभ बच्चन की जिंदगी में एक ऐसा समय आया जब उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गई थीं। जब उन्होंने यश चोपड़ा को अपनी इस परेशानी के बारे में बताया तो उन्होंने बिग बी के सामने मोहब्बतें करने का प्रस्ताव रखा और उसी दौरान उन्हें कौन बनेगा करोड़पति करने का मौका मिला। जिसके बाद बिग बी की जिंदगी वापस पटरी पर लौटी। कहा जाता है कि राम गोपाल वर्मा ने भी अमिताभ बच्चन की बहुत मदद की थी।
शाहरुख खान
शाहरुख खान पूरी दुनिया में तीसरे सबसे अमीर अभिनेता हैं। लेकिन ये जानकर आपको हैरानी होगी कि शाहरूख की जिंदगी में भी एक समय ऐसा आया था जब वो दीवालिया हो गए थे। दरअसल शाहरुख ने फिल्म 'रा. वन बनाई थी। इस फिल्म का बजट 150 करोड़ था। फिल्म का निर्माण गौरी खान ने किया था। शाहरुख और गौरी दोनों को ही फिल्म से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ये फिल्म परदे पर असफल रही। इस फिल्म में लगभग शाहरुख ने अपना पूरा पैसा लगा दिया था और उनके पास कुछ ही पैसे बचे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के प्रोडक्शन काम के लिए शाहरुख ने एक ब्लैंक चैक तक साइन कर दिया था। हालांकि इसके बाद भी शाहरुख पूरी हिम्मत के साथ खड़े रहे और उन्होंने ये साबित कर दिया कि वो आर्थिक रूप से खुद की मदद कर सकते हैं। 'डॉन 2' और 'जब तक हैं जान'' की सफलता ने एक बार फिर से इस सितारे की जिंदगी को ट्रैक पर ला दिया।
प्रीति जिंटा
लंबे समय तक परदे से दूर रहीं प्रीति जिंटा ने खुद के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'इश्क इन पैरिस' से वापसी की। हालांकि बतौर निर्माता ये प्रीति की पहली फिल्म थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई जिसकी वजह से प्रीति की आर्थिक हालत काफी खराब हो गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक वो इतने नुकसान में थीं कि फिल्म के क्रू को भी भुगतान नहीं कर पाईं थीं। उस दौरान उनके सह-कलाकार और करीबी दोस्त सलमान खान ने उनकी मदद की थी।
राज कपूर
राज कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' आज भी दर्शकों की पसंद हैं। इस फिल्म को अंतराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी, लेकिन इंडियन बॉक्स-ऑफिस पर ये फिल्म अपना जादू बिखेरने में नाकामयाब हुई। इस फिल्म ने राज कपूर का दिवालिया निकाल दिया था। एक बातचीत में खुद बेटे ऋषि कपूर ने इस बात का खुलासा किया था कि इस फिल्म के चक्कर में उन्होंने अपनी सभी चीजें और स्टूडियो गिरवी रख दिया था। इसके बाद उन्होंने बॉबी फिल्म बनाई , जोकि 'मेरा नाम जोकर' की असफलता को देखने के बाद एक बहुत बड़ा जोखिम था। लेकिन ये फिल्म सुपरहिट हुई और उसके बाद उनके दोस्तों और मेरे अंकल ने उन्हें घर खरीदने के लिए जोर दिया।