अनिल धीरूभाई अंबानी की अब तक मुनाफे में चलती रही इकलौती कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट पर भी संकट के बाद मंडराने लगे हैं। कंपनी की दो मेगाबजट फिल्मों सूर्यवंशी और 83 की रिलीज ऐन मौके पर अटक गई हैं। दोनों फिल्मों पर खर्च हुई भारी भरकम रकम का ब्याज लगातार बढ़ता जा रहा है और कंपनी की ये दोनों फिल्में अभी तक रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार भी नहीं हैं।
इन मेगाबजट फिल्मों को लेकर संकट में घिरी अनिल अंबानी की रिलायंस एंटरटेनमेंट, बढ़ने लगी कॉस्ट ऑफ मनी
हिंदी सिनेमा के खिलाड़ी अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'सूर्यवंशी' सिनेमाघरों में 24 मार्च को रिलीज होने ही वाली थी। रिलीज के एक हफ्ते पहले ही देशभर में कोरोना वायरस की वजह से सिनेमाघर बंद होने लगे और उसके बाद लॉकडाउन लागू कर दिया गया। रिलायंस एंटरटेनमेंट की एक और फिल्म कबीर खान के निर्देशन में बनी स्पोर्ट्स ड्रामा '83' भी 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी लेकिन इसकी रिलीज की तारीख को भी अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।
फिल्म सूर्यवंशी को रोहित शेट्टी पिक्चर्स ने बनाया और फिल्म 83 को फैंटम फिल्म्स ने। ये दोनों कंपनियां रिलायंस एंटरटेनमेंट का ही विस्तार हैं, जिसमें कंपनी ने फिल्में बनाने वालों को आधी हिस्सेदारी दे रखी है। इन दोनों मेगाबजट फिल्मों की रिलीज को लेकर रिलायंस एंटरटेनमेंट के सीईओ शिबाशीष सरकार का कहना है कि फिल्म की रिलीज की तारीख को वापस लेने का वह एकदम सही समय था। अगर यही काम वे बाद में करते तो मुश्किल हो सकती थी।
शिबाशीष कहते हैं कि ये फिल्में तब रिलीज की जाएंगी जब स्थिति बिल्कुल सामान्य हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'हम अभी दुविधा में हैं कि ये स्थिति न जाने कब तक ऐसे ही रहेगी। हो सकता है कि अगले तीन से छह महीने तक ऐसा ही चलता रहे। हमारी फिल्म 'सूर्यवंशी' पर अभी सात से आठ दिन का काम बाकी है। इसके अलावा '83' पर भी एक महीने तक वीएफएक्स पर काम करना पड़ेगा। चीजें जब सामान्य होने लगेंगी, तो सबसे पहले इन दोनों फिल्मों को पूरा किया जाएगा। इसके बाद ही इनकी रिलीज की तारीखें तय होंगी।'
रिलायंस एंटरटेनमेंट की इन दोनों फिल्मों का बजट सौ करोड़ रुपये से ज्यादा है। फिल्म के लिए जुटाई गई रकम की कॉस्ट ऑफ मनी (मूलधन पर लग रहा ब्याज) भी लगातार बढ़ रही है लेकिन कंपनी इन दोनों फिल्मों को किसी भी सूरत में सीधे ओटीटी पर रिलीज करने के मूड में नहीं दिखती। शिबाशीष कहते हैं, 'सिर्फ हम ही नहीं, हमारे निर्देशक और अभिनेताओं का भी इस चीज को लेकर नजरिया बिल्कुल साफ है कि वे अपनी फिल्मों को तभी रिलीज करेंगे जब चीजें बिल्कुल सामान्य हो जाएंगी। इन फिल्मों को थिएटर में ही रिलीज किया जाएगा ताकि लोगों को बड़ी स्क्रीन का अनुभव हो सके। मैंने यह दोनों ही फिल्में देखी हैं, इसलिए मैं कह सकता हूं इनका मजा सिर्फ बड़े पर्दे पर ही आएगा।'
सुशांत सिंह राजपूत संग नाम जुड़ने पर रिया चक्रवर्ती ने तोड़ी चुप्पी, कहा- 'वो बहुत क्यूट हैं'
