लॉकडाउन के चलते पूरे देश में कोई भी फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो रही है। आगे भी अभी कुछ समय तक ऐसे ही हालात बने रहने का अंदेशा जताया जा रहा है। इस आपातकालीन हालात के चलते फिल्मकार शूजित सरकार की फिल्म 'गुलाबो सिताबो' भी अधर में फंस गई है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और अमिताभ बच्चन मुख्य किरदारों में हैं।
बिग बी की एक और फिल्म चली ओटीटी की तरफ, सिनेमाघरों में साथ नहीं दिखेंगे आयुष्मान
यह फिल्म इस महीने 17 अप्रैल को रिलीज होनी थी। हालांकि इस फिल्म के भविष्य को लेकर शूजित का कहना है कि इसका फैसला 3 मई के बाद ही लिया जाएगा। वहीं उनका मानना है कि एक फिल्मकार के तौर पर उनकी इच्छा है कि यह फिल्म सिनेमाघरों में ही रिलीज हो लेकिन वह फिल्म को डिजिटल रिलीज करने के लिए भी तैयार हैं।
कोलकाता में अपने अपने करीबियों संग समय बीता रहे शूजित सरकार का कहना है कि 'एक फिल्मकार के तौर पर मेरी इच्छा है कि यह फिल्म थियेटर में ही रिलीज हो लेकिन अभी के जो हालात है वैसा हमने कभी भी नहीं देखा था। अगर जरूरत पड़ती है तो मैं फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के लिए भी तैयार हूं। हालांकि हम किसी भी तरह का फैसला 3 मई के बाद ही लेंगे। वहीं अपनी दूसरी फिल्म सरदार उधम सिंह को लेकर शूजित बताते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग तो खत्म हो चुकी है और अभी इसका पोस्ट प्रोडक्शन का काम बचा हुआ है।
यह फिल्म जनवरी 2021 में रिलीज होनी है इसलिए हम इस फिल्म के बारे में अधिक नहीं सोच रहे हैं। उन्हें लगता है कि लोगों को इस फिल्म का सिल्वर स्क्रीन पर कमाल का अनुभव प्राप्त होगा। इस फिल्म की जब वह जलियांवाला बाग पर शूटिंग कर रहे थें तभी से वह इसे लेकर सपना संजों कर रखे हैं। उनकी आंखों में उस वक्त आंसू थे। फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद उनका मानना है कि इस फिल्म में उधम सिंह के किरदार के लिए विकी कौशल के अलावा किसी ओर की कल्पना नहीं की जा सकती थी।
लॉकडाउन के पड़ने वाले प्रभाव के बारे में शूजित का मानना है कि 'इस अनुभव का दर्शकों की सोच पर भी गहरा प्रभाव पड़ने वाला है। लोगों की नई सोच हमारे फिल्म बनाने और कहने के तरीके में बदलाव लेकर आएगी। मुझे साधारण और खूबसूरत कहानियों को स्क्रीन पर फिल्माने में बहुत खुशी होगी। लेकिन जब तक कोई ऐसी कहानी मुझे अंदर से नहीं छूती है मैं अपने कोलकाता के घर में बहुत खुश हूं। गौरतलब है कि इससे पहले अमिताभ बच्चन की फिल्म एबी आणि सीडी ओटीटी पर जा चुकी है। उनकी एक और फिल्म झुंड को भी सीधे ओटीटी पर ही रिलीज करने की बातचीत चल रही है।
अब घर बैठे दीजिए रोडीज का ऑडिशन, एडवेंचर रियलिटी शो के 17वें सीजन में हिस्सा लेने का बढ़िया मौका