अपने करियर में सफलता और असफलता का टी 20 मैच खेलते रहे अभिनेता आयुष्मान खुराना को उम्मीद है कि नया साल उनकी कामयाबी की रेस को आगे भी जारी रखेगा। आठ साल पहले फिल्म ‘विकी डोनर’ से अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाले आयुष्मान अब तक बतौर हीरो कुल 15 फिल्में कर चुके हैं। 50 फीसदी के सफलता प्रतिशत पर चल रहे आयुष्मान ने साल 2021 में शूटिंग के लिए चार फिल्में फाइनल की हैं। इस लिस्ट में लेटेस्ट फिल्म जो जुड़ी है वह है प्रोडक्शन कंपनी जंगली पिक्चर्स की फिल्म में 'डॉक्टर जी'।
‘बरेली की बर्फी’ और ‘बधाई हो’ के बाद आयुष्मान की फिर बनी इस कंपनी संग जोड़ी, इरादा हैट्रिक लगाने का
जंगली पिक्चर्स के साथ आयुष्मान की ये तीसरी फिल्म होगी। इससे पहले जंगली और आयुष्मान ने साथ साथ ‘बरेली की बर्फी’ (2017) और ‘बधाई हो’ (2018) में काम किया है। अब तीसरी बार साथ आने को लेकर आयुष्मान कहते हैं, "फिल्म 'डॉक्टर जी' एक ऐसी स्क्रिप्ट है जिससे मुझे तुरंत प्यार हो गया क्योंकि यह सुपर फ्रेश है। यह एक बहुत ही अनोखी और नई फिल्म है। यह आपको हंसाएगी भी और आपको सोचने पर भी मजबूर करेगी। अपने करियर में मैं पहली बार डॉक्टर बनने जा रहा हूं।”
आयुष्मान खुराना अपने करियर में अब तक तमाम अतरंगी किरदार कर चुके हैं। इनमें से दर्शकों ने ‘विकी डोनर’, ‘दम लगा के हइशा’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘अंधाधुन’, ‘बधाई हो’, ‘आर्टिकल 15’, ‘ड्रीम गर्ल’ और ‘बाला’ में उनके किरदारों की खूब तारीफें कीं लेकिन, आयुष्मान अपनी डेब्यू फिल्म के बाद ही ‘नौटंकी साला’, ‘बेवकूफियां’ और ‘हवाईजादा’ जैसी फिल्मों में फ्लॉप की हैट्रिक भी लगा चुके हैं। ‘मेरी प्यारी बिंदू’ और ‘गुलाबो सिताबो’ भी आयुष्मान की फ्लॉप फिल्मों में शामिल हैं। अब जो फिल्म आयुष्मान करने जा रहे हैं, उसकी निर्देशक होंगी, अनुभूति कश्यप।
जानकारी के मुताबिक फिल्म 'डॉक्टर जी' एक कैंपस कॉमेडी ड्रामा है। जंगली पिक्चर्स की सीईओ अमृता पांडे बताती हैं, "हम 'डॉक्टर जी' की पहली फिल्म के रूप में अनुभूति के साथ साझेदारी करने के लिए रोमांचित हैं। जंगली में रचनात्मक विकास टीम के साथ-साथ सुमित, विशाल, सौरभ और अनुभूति जैसे लेखकों की टीम ने एक अच्छी फिल्म की कहानी तैयार की है। हमारा मानना है कि ये स्क्रिप्ट शानदार और मनोरंजक होगी।” लेखकों की इस टीम में से सौरभ भरत पेश से डॉक्टर ही हैं और अब फिल्म लेखन में किस्मत आजमा रहे हैं।
आयुष्मान खुराना ने हाल ही में अपनी नई फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ की शूटिंग पूरी की है। इसके बाद उनके पास अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘अनेक’ है। अनुभव और आयुष्मान इससे पहले साथ में ‘आर्टिकल 15’ कर चुके हैं। इन दोनों फिल्मों को पूरी करने के बाद वह जंगली पिक्चर्स की फिल्म ‘डॉक्टर जी’ पर काम शुरू करने वाले हैं। आयुष्मान की साल 2020 में दो फिल्में रिलीज हुईं, जिनमें से ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत और मुनाफा जुटाने में सफल रही जबकि उनकी दूसरी फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ सीधे ओटीटी पर रिलीज हुई और उनके अधिकतर प्रशंसकों को ये फिल्म पसंद नहीं आई। फिल्म ने इसे रिलीज करने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म के ग्राहकों की संख्या में भी कोई खास वृद्धि दर्ज नहीं कराई।