युवा अभिनेता आयुष्मान खुराना ने यूनिसेफ के सेलिब्रिटी एडवोकेट बनने के साथ ही अपनी आवाज बुलंद करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा के लिए एक वैश्विक अभियान चलाया है। इस अभियान के अंतर्गत वह अपने आप को बच्चों के खिलाफ होने वाली हिंसा के लिए लोगों को जागरूक करने और इस पर प्राथमिकता दिखाने के लिए प्रतिबद्ध समझते हैं।
बच्चों के साथ होने वाली हिंसा पर बोले आयुष्मान खुराना, अब कोई भी जुल्म बर्दाश्त नहीं होगा
आयुष्मान ने एक इंटरव्यू में दिए बयान से यह साफ कर दिया है कि बच्चों पर होने वाले जुल्म को बिल्कुल सहा नहीं जाएगा। वर्ष 2018 में आई नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक देश में हर घंटे में पांच मामले बच्चों के साथ हुए यौन शोषण के आते हैं। इस तरह की खबरों से आहत होकर आयुष्मान कहते हैं कि बच्चों के हिंसा के मामले अब स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आयुष्मान कहते हैं, 'यूनिसेफ के सेलिब्रिटी एडवोकेट होने के नाते मेरी भूमिका है कि मैं बच्चों के अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठाऊं। यूनिसेफ ने भी मुझे इसलिए ही चुना है कि मैं अपने काम में अपनी आवाज और अपनी लोकप्रियता का फायदा उठाकर इन मामलों के प्रति जागरूकता फैलाऊं।'
अपनी बात जारी रखते हुए आयुष्मान ने कहा, 'जिन मामलों पर मैं सबसे ज्यादा ध्यान दे रहा हूं उनमें से एक बच्चों के साथ होने वाली हिंसा भी है। उनके साथ होने वाले किसी भी गलत काम को अब स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसे रोकने की पूरी कोशिश की जाएगी। बच्चों के साथ हो रही हिंसा के लिए मैं लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करूंगा। हमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को इन हिंसाओं के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। हमें लोगों को बताना होगा कि वह इन हिंसाओं के खिलाफ आगे आएं और इन को जगजाहिर करें।'
आयुष्मान इस समय अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में हैं। वह बहुत ही जल्द अभिषेक कपूर की अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में उनका किरदार एक एथलीट का होगा। इसके लिए वह अपने शरीर पर काफी लंबे समय से काम कर रहे हैं और अब तक लगभग तैयार भी हो चुके हैं। इस फिल्म का शीर्षक अभी घोषित नहीं किया गया है। आशा है कि यह फिल्म अगले साल रिलीज हो जाएगी।
पढ़ें: खूब सारा खर्च कर बनाए जाते हैं सेलेब्स के कपड़े, एक फिल्म में पहनने के बाद क्या होता है कॉस्ट्यूम्स का ?