छोटे परदे के चर्चित धारावाहिक 'भाबीजी घर पर है!' की शूटिंग जारी है। जिस कलाकार के स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर अमर उजाला ने बुधवार को अपने पाठकों को दी थी, उस पर शो बनाने वाली कंपनी ने अपनी तरफ से शूटिंग को लेकर ताजा स्थिति की जानकारी दी है। शो को प्रसारित करने वाले चैनल का कहना है कि शो की शूटिंग जारी है और शो की अभिनेत्री सौम्या टंडन ने अपने स्टाफ के कोरोना से पीड़ित होने की खबर खुद नहीं सार्वजनिक की है।
'भाबीजी घर पर है!' की शूटिंग जारी, एक्टर की स्टाफ के कोरोना पॉजिटिव होने का इसलिए नहीं पड़ा असर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनेत्री सौम्या टंडन को लेकर पिछले दो दिन से टीवी जगत में तरह तरह की सूचनाएं सामने आ रही हैं। इस बारे में अमर उजाला ने बुधवार को सौम्या टंडन और चैनल की प्रवक्ता दोनों से संपर्क किया लेकिन किसी ने तब इस बारे में कोई बात नहीं की। अब शो के प्रोडक्शन हाउस और चैनल ने इस बारे में सफाई दी है। खबर ये थी कि सौम्या के हेयर ड्रेसर को कोरोना वायरस से पीड़ित पाया गया है और इसे लेकर सौम्या को सेट से दूर क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है।
वहीं मामले को लेकर शो की निर्माता कंपनी ने सफाई देते हुए कहा है, 'यह दुर्भाग्य की बात है कि कलाकार के एक व्यक्तिगत स्टाफ को कोरोना से पीड़ित पाया गया है। उसका परीक्षण शूटिंग शुरू होने से पहले ही कर लिया गया था और उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। फिलहाल कलाकार और उनका स्टाफ हमारे साथ छह दिन तक काम नहीं कर रहे हैं।'
निर्माता कंपनी का ये भी कहना है कि जैसे ही उन्होंने शो की शूटिंग शुरू की थी, वैसे ही सबके कोरोना टेस्ट करवाए गए थे। बयान में कहा गया है, 'जब एक बार फिर से स्टाफ का परीक्षण हुआ तो ही उसे कोरोना पॉजिटिव पाया गया। तब से न तो सौम्या और न ही उनका स्टाफ हमारे साथ काम कर रहा है। इसके अलावा हमारे सभी कलाकार और कर्मचारी ठीक हैं और काम कर रहे हैं। और हमने उन्हें काम के बीच खुद से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी है। सेट पर सरकार की तरफ से तय किए गए सभी दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है।'
सौम्या को लेकर एक खबर यह भी थी कि अपनी फीस में कटौती न करने की वजह से शो के निर्माता उन्हें वहन करने में सक्षम नहीं हैं। इसलिए खुद सौम्या ने इस शो को छोड़ने का फैसला किया है। हालांकि, इस पर चैनल की प्रवक्ता का कहना है कि इस बारे में अभी उनके पास किसी तरह की जानकारी नहीं है। इस बारे में जैसे ही जानकारी मिलती है, इसे साझा किया जाएगा।
पढ़ें: बोनी कपूर ने श्रीदेवी को फिर किया याद, कहा- 'कैसे समय चला जाता है...'