आज ‘बाइस्कोप’ में बात करेंगे फिल्म ‘चलते चलते’ की। फिल्म को रिलीज हुए आज 18 साल पूरे हो रहे हैं। तो हिंदी सिनेमा के जो दर्शक अभी 20 से 30 के बीच में होंगे, उन्हें शायद ही पता हो कि सलमान खान और शाहरुख खान का झगड़ा इसी फिल्म की शूटिंग से शुरू हुआ था। ये उन दिनों की बात है जब सलमान खान और ऐश्वर्या राय का इश्क दीवानगी की हद पार कर चुका था। सलमान खान अपने गुस्से पर तब तक काबू पाना सीख नहीं पाए थे और ऐश्वर्या भी सलमान के सामने तनकर खड़ा हो पाने वाला कोई शख्स तलाश नहीं पाई थीं। ये पूरा किस्सा थोड़ी देर में लेकिन यहां इतना तो बता ही देता हूं कि ऐश्वर्या राय के बाद फिल्म की हीरोइन तलाशने में शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार के भी पसीने छूट गए थे और ये भी कि इस फिल्म से शुरू हुई शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की अदावत ने तमाम बड़ी फिल्मों में दोनों की जोड़ी नहीं बनने दी और इन फिल्मों में निर्देशक यश चोपड़ा की फिल्म ‘वीर जारा’ भी शामिल हैं। फिल्म ‘चलते चलते’ इस लिहाज से भी हिंदी सिनेमा के दर्शक हमेशा याद रखते हैं कि इसी फिल्म से रानी मुखर्जी ने आंखों के अलहदा मेकअप का ट्रेंड भी शुरू किया और जिसका सफल प्रयोग फिल्म में किया था मशहूर मेकअप आर्टिस्ट मिकी कॉन्ट्रेक्टर ने।
Bioscope S2: शाहरुख-सलमान की अदावत के किस्से तो खूब पढ़े होंगे, ऐश्वर्या से अदावत का किस्सा ये रहा..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म ‘चलते चलते’ का संदर्भ
फिल्म ‘चलते चलते’ की कहानी शुरू करने से पहले थोड़ा इसकी भूमिका बांधनी जरूरी है। दरअसल, बीसवीं सदी के खत्म होते होते तमाम बड़े सितारे खुद फिल्में बनाने लगे थे या फिर अपनी फिल्मों के मुनाफे में हिस्सेदारी मांगने लगे थे। होता ये पहले से आया था। पहले राजेश खन्ना अपनी फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स ले लिया करते थे। अमिताभ बच्चन भी टेरिटरी मांग लिया करते थे तो शाहरुख खान और जूही चावला को लगा कि क्यों न इससे दो कदम आगे बढ़कर अपनी खुद की फिल्म कंपनी बना ली जाए। साथ आ गए निर्देशक अजीज मिर्जा। तीनों की आपस में पटती भी खूब थी। अजीज मिर्जा और शाहरुख खान टेलीविजन सीरियल ‘सर्कस’ के दिनों के साथी थे। इससे पहले जो दो फिल्में ‘राजू बन गया जेंटलमैन’ और ‘यस बॉस’ जो उन्होंने बनाईं, उन दोनों के हीरो भी शाहरुख ही थे। और, दोनों की हीरोइन भी जूही चावला। ये तीनों इक्कीसवीं सदी के मुहाने पर खड़े तीन ऐसे कलंदर थे, जिनका काम ही था हर बार एक नया किस्सा बनाना। इस बार तीनों ने एक नई कंपनी बनाई। इस कंपनी की पहली फिल्म बनी ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’।
फिल्म ‘चलते चलते’ का प्रसंग
ड्रीम्ज अनलिमिटेड की पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बैठ गई। इसके बाद शाहरुख ने करीना कपूर को लेकर फिल्म बनाई, ‘अशोक’। फिल्म सुपरफ्लॉप रही। इसके बाद अजीज मिर्जा फिर सीन में लौटे। वह अपने साथ ऐश्वर्या राय को भी लाए। फिल्म ‘चलते चलते’ की शूटिंग शुरू हो गई। काफी कुछ फिल्म का हिस्सा शूट भी चुका था कि एक दिन शूटिंग के बीच सलमान खान अपनी गाड़ी लेकर फिल्म के सेट पर घुस गए। खूब हंगामा हुआ। शाहरुख और सलमान की कहासुनी हुई। कारण पक्का किसी को कुछ पता नहीं कि ऐसा क्यों हुआ पर शायद ऐश्वर्या शूटिंग में व्यस्त होने के कारण फोन कॉल्स का जवाब नहीं दे रही थीं। बताते लोग ये भी हैं कि इसके पहले की रात दोनों का झगड़ा हुआ था और उसके बाद से ही ऐश्वर्या फोन नहीं उठा रही थीं। सलमान के अहं को इससे ठेस पहुंची और वह ‘चलते चलते’ के सेट पर चले गए। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि उस दिन सलमान के गुस्से के आगे ऐश्वर्या कांप सी रही रही थीं। सलमान ने उनको अपने साथ चलने को कहा और वह चलती शूटिंग बीच में छोड़कर सलमान के साथ चली गईं। शाहरुख चिल्लाते ही रह गए।
फिल्म ‘चलते चलते’ की व्याख्या
ऐश्वर्या के लिए वह दिन उनके करियर का और उनके निजी जीवन का सबसे खराब दिन कहा जा सकता है। पहले प्रेमी सलमान खान के अहं को चोट लगी तो सरे आम उन पर चिल्लाते हुए फिल्म के सेट पर आ धमके। और, उनके जाने के बाद निर्माता शाहरुख खान का अहं घायल हो गया। शाहरुख ने गुस्से में वह फैसला ले लिया, जिस पर वह आज भी पछताते हैं। उन्होंने तय किया कि नुकसान जो भी हो पर अब ऐश्वर्या फिल्म की हीरोइन नहीं रहेंगी। शाहरुख को इस बात का गुस्सा कि निजी जीवन में कोई कुछ भी करे लेकिन उनकी फिल्म की शूटिंग छोड़कर कोई ऐसे कैसे जा सकता है। शाहरुख ने अपनी पुरानी मित्र काजोल को फोन किया और अपनी इस फिल्म की हीरोइन बनने की गुजारिश की। शाहरुख को अपने जिस अहंकार पर भरोसा था, वह काजोल ने फिल्म के लिए ना करके चूर चूर कर दिया। इसके बाद शाहरुख खुद रानी मुखर्जी के पास पहुंचे। फिल्म से जुड़े लोग बताते हैं कि रानी मुखर्जी भी ये फिल्म करना नहीं चाहती थीं, लेकिन शाहरुख के लिए ये फिल्म उन्होंने की।
फिल्म ‘चलते चलते’ का क्षेपक
फिल्म ‘चलते चलते’ के निर्माता शाहरुख खान चाहते तो ऐश्वर्या फिल्म में वापस आ सकती थीं, वह लौटकर आईं भी ऐश्वर्या जिस तरह से चलती शूटिंग छोड़ सलमान के साथ चली गईं थी, उसका गुस्सा शाहरुख से कोई सही फैसला नहीं होने दे रहा था। शाहरुख ने सिर्फ ‘चलते चलते’ से ही ऐश्वर्या को नहीं निकाला। उसके बाद वह यश चोपड़ा की फिल्म ‘वीर जारा’ का भी हिस्सा नहीं रहीं। कुछ और फिल्में भी तब शाहरुख और ऐश्वर्या की साथ में बनने वाली थीं, लेकिन ऐश्वर्या खुद बताती हैं कि ये फिल्म क्यों नहीं बनीं, उन्हें कभी पता ही नहीं चला।