दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। इसी बीच सुशांत की मैनेजर रहीं दिशा सालियन की मौत को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। दिशा की मौत भी सुशांत की मौत से महज कुछ दिन पहले ही हुई थी। दोनों की मौत के तार अब एक दूसरे से जुड़ते हुए नजर आ रहे हैं। तो वहीं अब दिशा सालियन की मौत मामले को लेकर बीजेपी नेता नितेश राणे ने कई आश्चर्यचकित कर देने वाले दावे किए हैं।
भाजपा नेता का दावा- 'दिशा सालियान ने मौत वाले दिन किया था डायल 100 को फोन', जांच पर खड़े किए कई सवाल
नितेश राणे ने दिशा सालियन की मौत मामले को लेकर उनके मंगेतर रोहन राय के बारे में बात की है। नितेश ने कहा कि रोहन राय दिशा की मौत के मामले में बहुत कुछ जानते हैं। पर वो कहां हैं किसी को नहीं मालूम। नितेश ने सवाल भी खड़ा किया कि रोहन मामले में बात करने के लिए सामने क्यों नहीं आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने मुंबई पुलिस की जांच कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए नितेश राणे ने बताया कि, 'हमने सुना है कि उनकी (दिशा) पार्टी में कुछ गलत हुआ था, जिसके बाद उन्होंने मलाड-मालवानी स्थित अपना घर छोड़ दिया था। उन्होंने डायल 100 पर मदद मांगी थी और उन्हें सबकुछ बताया था। पुलिस के पास जरूर जानकारी होगी, क्योंकि यह रिकॉर्डेड कॉल था। हालांकि, मुंबई पुलिस उनकी मदद नहीं कर सकी। इसलिए उन पर भी सवाल खड़ा होता है। मैं एक लीड दे रहा हूं और सीबीआई को जांच करनी चाहिए। अगर सीबीआई चाहे तो मैं उनकी मदद करने को तैयार हूं।'
आगे उन्होंने कहा कि, 'अगर यह दुर्घटनावश मौत या फिर खुदकुशी थी तो फिर मुंबई पुलिस के जांच अधिकारी को दो बार क्यों बदला गया? रोहन राय (दिशा के मंगेतर) ने 9 जून को उनके अंतिम संस्कार का प्लान क्यों बनाया था? जबकि पोस्टमॉर्टम 11 जून को हुआ। अगर यह एक्सीडेंटल डेथ थी तो दिशा के कॉल डिटेल रिकॉर्ड में आखिरी कॉल 8 जून को रात 8:30 बजे का क्यों दिख रहा है और उनका फोन 4- 4:30 बजे क्यों स्विच ऑफ हुआ था? क्या उस रात उनकी मौत के बाद कोई उनका फोन इस्तेमाल कर रहा था? यह पूरा घटनाक्रम सवालिया निशान छोड़ता है और यह केस सुसाइड की तरह नहीं दिखता है। इसकी जांच होनी चाहिए।'
इसके अलावा नितेश राणे ने दिशा के मंगेतर रोहन राय की सुरक्षा को लेकर भी गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने लिखा कि रोहन का बयान दिशा और सुशांत मौत की जांच कर रही सीबीआई के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगा और इससे कई कड़ियां खुल सकती हैं। क्योंकि इस बात का पूरा यकीन है कि दोनों की मौत का कनेक्शन आपस में जुड़ा हुआ है।
पढ़ें: बॉलीवुड के निशाने पर भी आया चीन, मौनी राय के बाद अभय देओल ने भी संभाला मोर्चा
