बॉलीवुड के अभी तक के इतिहास में दो तरह की शादियां देखने को मिली हैं। एक तरफ जहां सितारों ने धूमधाम से शादी की, जिसमें परिवार से लेकर विदेशी स्टार तक शामिल हुए तो वहीं कुछ सितारों ने एकदम गुपचुप तरीके से ब्याह कर लिया। ऐसे में आज आपको इस पैकेज में हम कुछ ऐसी शादियों के बारे में बताएंगे जो कब हो गईं किसी को पता ही नहीं लगा। किसी सितारे ने शूटिंग के ब्रेक में शादी कर ली तो किसी ने अपने घरवालों तक को बिना बताए सुबह चार बजे मंदिर में फेरे ले लिए।
इन सितारों ने गुपचुप रचाई थी शादी, शम्मी कपूर ने तो पिता पृथ्वीराज को फोन पर दी थी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शम्मी कपूर-गीता बाली
शम्मी कपूर, गीता बाली के प्रेम में आकंठ डूबे थे। शूटिंग खत्म होने के बाद दोनों हर शाम सड़क पर घंटो टहला करते थे। एक दिन अचानक दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। शम्मी ने इस बारे में अपने पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राज कपूर तक को नहीं बताया। दक्षिण मुंबई स्थित एक मंदिर में दोनों ने सुबह चार बजे ब्याह रचा लिया। पृथ्वीराज कपूर को बाद में राज कपूर ने फ़ोन पर शादी की जानकारी दी। मीडिया को जानकारी दी गीता बाली के सेक्रेट्री सुरेंदर कपूर ने जो बोनी कपूर और अनिल कपूर के पिता थे।
देव आनंद-कल्पना कार्तिक
सब जानते हैं कि देव आनंद और सुरैया का प्यार शादी के अंजाम तक नहीं पहुंच सका। बहरहाल बाद में देव आनंद ने शादी की तो इस अंदाज में कि सब हक्के बक्के रह गए। उन्होंने अपनी फिल्म 'टैक्सी ड्राइवर' के सेट पर इसी फिल्म में काम कर रही अभिनेत्री कल्पना कार्तिक से शादी कर ली। शूटिंग पर जब लंच ब्रेक हुआ तो उन्होंने फौरन पंडित को बुलाया और कल्पना कार्तिक के साथ सात फेरे ले लिए। इतना ही नहीं शादी होने के चंद घंटों बाद ही देव आनंद वापस शूटिंग करने पहुंच गए। उनकी इस तरह अचानक शादी की ख़बर सुनकर सब मीडिया और प्रशंसक हैरान रह गए।
नरगिस- सुनील दत्त
नरगिस और सुनील दत्त की शादी की खबर तीन-चार महीने बाद लोगों को पता लगी। दरअसल ये दोनों ही कलाकार महबूब खान की फिल्म 'मदर इंडिया' में काम कर रहे थे और उसी के सेट पर दोनों के बीच प्रेम हो गया और उन्होंने शादी रचाने का फैसला कर लिया। लेकिन फिल्म में नरगिस सुनील दत्त की मां का रोल निभा रही थीं। ऐसे में महबूब खान ने उन्हें सलाह दी कि फिल्म की रिलीज के दो-तीन महीने बाद वो शादी करें क्योंकि उनका मानना था कि शादी की खबर पता लगने पर उसका फिल्म पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। हालांकि नरगिस और सुनील दत्त ने शादी तो कर ली लेकिन ये बात छिपा के रखी और मदर इंडिया की रिलीज के कुछ महीनों बाद ही अपनी शादी को सार्वजनिक किया।
बोनी कपूर-श्रीदेवी
इस शादी ने सबको चौंका दिया था। दरअसल श्रीदेवी जब बोनी कपूर की फिल्मों में काम करती थीं तो उस दौरान वो मुंबई के एक होटल में रहती थीं। तब बोनी कपूर की पत्नी मोना कपूर ने उन्हें अपने घर में रहने के लिए जगह दी। कुछ सालों बाद जब श्रीदेवी की मां की तबियत खराब हुई तो बोनी कपूर अपना सारा काम छोड़कर चेन्नई आए और उनकी मां की खूब देखभाल की। श्रीदेवी की मां की मौत की वजह डॉक्टरों की कथित लापरवाही को बताया गया और तब बोनी ने इस सिलसिले में श्रीदेवी को केस लड़ने में भी बहुत मदद की। इससे श्रीदेवी बहुत प्रभावित हुईं और बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।