कोविड 19 महामारी की दस्तक और उसके कारण लगे लॉकडाउन के चलते करीब दो वर्ष तक दर्शक सिनेमाघरों से दूर रहे। लंबे अंतराल के बाद यह वर्ष सिनेमाघरों में कुछ रौनक लेकर लौटा। हालांकि, दर्शकों का वैसा जुटान नहीं हो पाया, जैसा कि कोविडकाल से पहले हुआ करता था। इसके पीछे टिकट्स के बढ़े दाम वजह हैं या ओटीटी प्लेटफॉर्म की आमद, यह कह पाना मुश्किल है। लेकिन, 23 सितंबर को नेशनल सिनेमा डे के मौके पर जब टिकट के दाम घटाए गए तो दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक नेशनल सिनेमा डे के मौके पर देशभर में रिकॉर्ड 65 लाख से ज्यादा लोगों ने थिएटर में जाकर फिल्मों का मजा लिया। मेकर्स ने भी दर्शकों की इस नब्ज को बखूबी समझा और फिर मूवी टिकट्स के दाम पर डिस्काउंट का सिलसिला शुरू हुआ। जानिए अब तक किन फिल्मों पर ऑफर मिल चुका है और कितना हुआ है फायदा...
Bollywood Film: दर्शक जुटाने का नया पैंतरा टिकट पर डिस्काउंट? अब तक इन फिल्मों पर मिला है ऑफ, कितना हुआ फायदा?
नवरात्रि में 'ब्रह्मास्त्र' पर मिला ऑफर
अयान मुखर्जी निर्देशित रणबीर कपूर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' 9 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म ने पहले सप्ताह ताबड़तोड़ कमाई की। दूसरे सप्ताह भी फिल्म का प्रदर्शन स्थिर रहा, लेकिन पहले सप्ताह के मुकाबले कुछ गिरावट आई। ऐसे में 23 सितंबर को राष्ट्रीय सिनेमा दिवस फिल्म के लिए अच्छा शगुन लेकर आया। 75 रुपये में टिकट बिके। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दिन सबसे ज्यादा फायदा 'ब्रह्मास्त्र' को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 23 सितंबर (15वें दिन) को 12.4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि इससे एक दिन पहले यानी 14वें दिन फिल्म ने 3.77 करोड़ की कमाई की थी। सिनेमा डे पर फिल्म को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स से उत्साहित होकर अयान मुखर्जी ने दर्शकों को एक और तोहफा दिया और नवरात्रि के शुरुआती चार दिन (26 से 29 सितंबर तक) फिल्म के दाम 100 रुपये कर दिए। हालांकि, त्योहार और फिर वीकेंड होने के चलते कलेक्शन में वैसा उछाल नहीं दिखा, जैसा सिनेमा डे के मौके पर दिखा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक 26 सितंबर (18वें दिन) दिन फिल्म ने 2.11 करोड़ रूपये की कमाई की। वहीं 27 सितंबर को 2.06 करोड़ रुपये, 28 सितंबर को 1.71 करोड़, 29 सितंबर को 1.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
Gajendra Chauhan: ऋषि सुनक की जीत पर 'युधिष्ठिर' ने भरी भारत माता की जय की हुंकार, अनोखे ढंग से दी बधाई
बिग बी के जन्म दिन पर 'गुडबॉय' के सस्ते हुए टिकट
7 अक्तूबर 2022 को रिलीज हुई अमिताभ बच्चन, नीना गुप्ता, रश्मिका मंदाना की फिल्म 'गुडबाय' के टिकट पर भी दर्शकों को ऑफर मिला। ओपनिंग डे में फिल्म के टिकट्स 150 रुपये में बुक हुए। इसके बाद अमिताभ बच्चन के जन्मदिन 11 अक्तूबर 2022 के दिन टिकट के दाम कम किए गए। इस दिन टिकट के दाम 80 रुपये रखे गए। लेकिन, डिस्काउंट का कलेक्शन पर कोई खास फायदा होता नहीं दिखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक टिकट्स पर डिस्काउंट के बाद भी रिलीज के पांचवे दिन और पहले मंगलवार (11 अक्तूबर) को फिल्म ने 0.7 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन किया। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 1 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे दिन यानी शनिवार को 1.4 करोड़ का। पहले रविवार को 1.46 करोड़ रुपये का। चौथे दिन 0.59 करोड़ रुपये का। पांचवे दिन ऑफर मिलने के बाद भी फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज की गई और कलेक्शन सिर्फ 0.7 करोड़ रुपये रहा।
A post shared by Balaji Motion Pictures (@balajimotionpictures)
दिवाली में 'दृश्यम 2' पर मिला ऑफर
अब इसी तर्ज पर अजय देवगन की आगामी फिल्म 'दृश्यम 2' के टिकट पर भी डिस्काउंट का एलान किया गया। दिवाली के मौके पर मेकर्स ने दृश्यम 2 को लेकर एक खुशखबरी साझा की। मेकर्स ने दिवाली के मौके पर दृश्यम 2 की टिकट बुकिंग करने पर 25% की छूट का एलान किया। बता दें कि दृश्यम 2 के जरिए करीब सात साल बाद एद बार फिर विजय सलगांवकर का केस खुलने वाला है। इस केस का सच जानने के लिए अक्षय खन्ना केस की तह तक जाने वाले हैं। इस फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्ता मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। यह फिल्म 18 नवंबर 2022 को रिलीज हो रही है। देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म की रिलीज के बाद क्या मेकर्स फिर टिकट के दाम पर कोई ऑफर देंगे और इसका क्या फायदा होगा!
Kantara: 'कांतारा' के प्रशंसकों में शामिल हुआ सुपरस्टार रजनीकांत का नाम, थलाइवा ने फिल्म को बताया मास्टरपीस
