बॉक्स ऑफिस के शुक्रवार के आंकड़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हिंदी सिनेमा का भविष्य अब हिंदी पट्टी के फिल्म वितरण क्षेत्रों यानी दिल्ली यूपी और ईस्ट पंजाब में ही उज्जवल है। आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल ने अपनी रिलीज के आठवें दिन जितनी कमाई दिल्ली यूपी के सिनेमाघरों में की है, उतनी कमाई शुक्रवार को रिलीज हुई नई फिल्मों में कोई पूरे हिंदुस्तान में नहीं कर पाई। सोनम कपूर की फिल्म जोया फैक्टर रिलीज के पहले ही दिन फ्लॉप घोषित हो गई है। करण देओल की फिल्म पल पल दिल के पास का पहले दिन का कलेक्शन इससे बेहतर रहा।
कांटे के मुकाबले में 'रैंबो' और 'जोया' पर भारी पड़े करण, ऐसी रही बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन की कमाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देओल परिवार का करिश्मा
शुक्रवार को रिलीज हुई तीन हिंदी और एक अंग्रेजी फिल्म में सबसे ज्यादा कमाई सनी देओल निर्देशित उनके बेटे करण देओल की फिल्म पल पल दिल के पास ने की। फिल्म की ओपनिंग हालांकि फिल्म को हिट बना पाने के लिए काफी कम है लेकिन संतोष इसी बात का है कि संजय दत्त और सोनम कपूर जैसे पुराने खिलाड़ियों के मुकाबले फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई की। फिल्म की पहले दिन की कमाई एक करोड़ 12 लाख रुपये रही। फिल्म ने मुंबई में 28 लाख, दिल्ली यूपी में 35 लाख और ईस्ट पंजाब के सिनेमाघरों में 18 लाख रुपये कमाए।
जोया फैक्टर पहले दिन ही फ्लॉप
सोनम कपूर और दुलकर सलमान की फिल्म का कलेक्शन इसे रिलीज करने वाली कंपनी फॉक्स स्टार इंडिया के लिए बहुत बड़ा सबक है। एक ठीकठाक औसत सी फिल्म के बारे मं हिंदी पट्टी के दर्शकों को शिक्षित करने का कंपनी ने कोई जतन नहीं किया। नतीजा फिल्म पहले दिन सिर्फ 58 लाख रुपये कमाकर कंपटीशन से पहले दिन ही बाहर हो चुकी है। एक लड़की को देखा के बाद सोनम कपूर की ये लगातार दूसरी फिल्म है जिसे दर्शकों ने नकार दिया।
मार्केटिंग में गच्चा खा गया रैम्बो
द जोया फैक्टर से ज्यादा कमाई तो अंग्रेजी फिल्म रैम्बो द लास्ट ब्लड ने कर ली। फिल्म की पहले दिन की कमाई 83 लाख रुपये रही। हालांकि फिल्म को इस वीकएंड की हॉलीवुड फेवरिट माना जा रहा था लेकिन इस फिल्म के बारे में भी दर्शकों को ज्यादा जानकारी नहीं है। दिल्ली यूपी और ईस्ट पंजाब के सिनेमाघरों में पहुंच रहे दर्शकों को तो पता भी नहीं था कि सिल्वेस्टर स्टैलोन की कोई फिल्म भी रिलीज हो रही है। रैम्बो सीरीज की फिल्मों का हिंदुस्तान में काफी क्रेज रहा है, लेकिन इसे रिलीज करने वाली कंपनी स्टैलोन के इस क्रेज को भुनाने में नाकाम रही।
ड्रीमगर्ल का ड्रीमरन जारी
बॉक्स ऑफिस पर अगर किसी का सिक्का चल रहा है तो वह हैं आयुष्मान खुराना, जिनकी फिल्म ड्रीम गर्ल ने रिलीज के आठवें दिन भी पांच करोड़ 38 लाख रुपये की शानदार कमाई की। फिल्म ने दिल्ली यूपी में एक करोड़ 72 लाख रुपये कमाकर मुंबई के फिल्ममेकर्स को ये भी बताया कि अगर हिंदी फिल्मों से कमाई करनी है तो उन्हें हिंदी पट्टी के राज्यों पर ही ज्यादा फोकस करना होगा। ड्रीम गर्ल की मुंबई वितरण क्षेत्र में कमाई एक करोड़ 30 लाख रुपये ही रही।