अपनी पिछली फिल्म ‘बुलबुल’ में दर्शकों का प्यार और पहला फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कार जीतने वाली उत्तराखंड की लाडली तृप्ति डिमरी अब करण जौहर कैंप की हीरोइन बन गई हैं। इसी के साथ तृप्ति का नाम उस लिस्ट में जुड़ गया है, जिसमें अब तक आलिया भट्ट व कियारा आडवाणी का नाम शामिल रहा है। तृप्ति का सारा काम अब करण जौहर की टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी देखेगी, वही बताएगी कि तृप्ति आगे कौन सी फिल्में करें और कौन सी नहीं।
आलिया और कियारा के बराबर आईं तृप्ति डिमरी, करण जौहर की कंपनी की कलाकार बनकर तय करेंगी आगे का सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बड़े प्रोडक्शन घरानों का ये पुराना चलन रहा है कि वह नए टैलेंट को अपनी फिल्मों में मौका देते हैं। उन्हें कैमरे का सामना करने के लिए तैयार करते हैं और फिर उन पर करोड़ों रुपये लगाकर फिल्म बनाते हैं। उदाहरण के लिए जैसा करण जौहर ने फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में किया, वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट को लॉन्च करके। अब ये तीनों सितारे करण जौहर की कंपनी मैनेज करती है। उनकी फिल्में करण की कंपनी तय करती है, उनकी फीस को लेकर मोलभाव भी करण की कंपनी ही करती है। और, इसके बदले उनकी हर फिल्म से एक तयशुदा रकम चार्ज करती है।
यशराज फिल्म्स की भी अपनी टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी है जिसमें आयुष्मान खुराना, भूमि पेडनेकर, मानुषी छिल्लर, वाणी कपूर और शालिनी पांडे जैसे सितारे शामिल हैं। शालिनी को हाल ही में स्किन केयर का जो एक बड़ा ब्रांड मिला है, उसकी वजह भी यशराज फिल्म्स की ये टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी ही है। सुशांत सिंह राजपूत भी यशराज फिल्म्स की टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी का हिस्सा रह चुके हैं। करण जौहर की नजर जहां सितारों के बेटे बेटियों पर रही है, वही यशराज फिल्म्स की कोशिश उन सितारों पर भी नजर रखने की होती है, जो अपने बूते ऊपर उठ रहे हैं।
सितारों की इस आकाश गंगा में मंगलवार को नया नाम तृप्ति डिमरी का शामिल हुआ। श्रेयस तलपडे निर्देशित फिल्म ‘पोस्टर ब्वॉयज’ से साल 2017 में अपना करियर शुरू करने वाली तृप्ति डिमरी को बड़ा मौका मिला था इम्तियाज अली के भाई साजिद अली निर्देशित फिल्म ‘लैला मजनू’ में। लेकिन, ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाईं। फिर निर्देशक अन्विता दत्त ने तृप्ति के असली टैलेंट को पहचाना और उन्हें डिजिटल फिल्म ‘बुलबुल’ में एक कमाल के किरदार में पेश किया। इस फिल्म ने तृप्ति का करियर ग्राफ बदल दिया।
अरसे से वंशवाद को बढ़ावा देने के आरोपों से घिरे रहे करण जौहर ने साल 2021 में अपनी छवि को धो पोंछकर साफ करने का फैसला किया है। दो दिन पहले ही उन्होंने ऐलान किया कि वह जल्द ही पांच नए चेहरों को अपनी टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी के लिए लॉन्च करने वाले हैं। तृप्ति डिमरी का नाम इस लिस्ट से सबसे पहले सामने आया है और इससे ये भी साफ हो गया है कि ये सितारे स्टार किड्स भले न हों, लेकिन ये वो सितारे हैं जो हिंदी सिनेमा में अपनी मेहनत से एक मुकाम हासिल कर चुके हैं।