केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) जिसे आम बोलचाल में सेंसर बोर्ड कहा जाता है, ने अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी अभिनीत फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ को अपनी पुनरीक्षण समिति के पास भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक ये कदम सेंसर बोर्ड ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ को पारित करने के बाद अपने ऊपर लगे आरोपों और मामले के इलाहाबाद उच्च न्यायालय पहुंचने को देखते हुए उठाया है। गौरतलब है कि रिवीजन कमेटी को फैसले के खिलाफ अपील करने वाले ट्रिब्यूनल को पहले ही भंग किया जा चुका है और अब यदि कोई फिल्म निर्माता सेंसर बोर्ड के फैसले से नाखुश है तो उसके पास सिर्फ अदालत में अपील करने का ही रास्ता शेष है।
OMG 2 Censor Board: रिवीजन कमेटी के हवाले ‘ओह माय गॉड 2’, हाईकोर्ट की फटकार के बाद अलर्ट मोड में सेंसर बोर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप फिल्में देते रहे अक्षय कुमार की फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ की 11 अगस्त को प्रस्तावित रिलीज को देखते हुए ही रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनीमल’ की रिलीज डेट बदली गई थी। लेकिन अब ये फिल्म 11 अगस्त को रिलीज हो भी सकेगी, इस पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं। फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ का जो ट्रेलर बुधवार को फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल 7’ के साथ रिलीज हुआ, उस पर साफ साफ लिखा गया है कि इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से प्रमाण पत्र मिलना अभी बाकी है और बुधवार को ही ये खबर आई कि इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने सर्टिफिकेट देने से इंकार कर दिया है।
दरअसल, फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ को अभी परीक्षण समिति (एग्जामिनिंग कमेटी) ने देखा है। आमतौर पर ये कमेटी ही फिल्में देखती हैं और फिल्म को इसकी सामग्री के हिसाब से यू, ए या यूए सर्टिफिकेट देती है। आमतौर पर फिल्म निर्माता इसके सुझाए कट्स मान भी लेते हैं और यदि निर्माता को इन कट्स पर आपत्ति है तो वह पुनरीक्षण समिति (रिवाइजिंग कमेटी) के पास अपील कर सकता है। पहले इस समिति के फैसलों के खिलाफ भी निर्माताओं के पास फिल्म सर्टिफिकेशन अपीलेट ट्रिब्यूनल जाने का विकल्प था, लेकिन केंद्र सरकार ने अब इस ट्रिब्यूनल को रद्द कर दिया है।
सूत्र बताते हैं कि फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ को देखने के बाद परीक्षण समिति ने ही ये फिल्म पुनरीक्षण समिति को भेज दी है और उससे इस बारे में उनके विचार मांगे हैं। फिल्म की रिलीज में अब एक महीने से भी कम समय बाकी है लिहाजा इस समिति को फिल्म जल्द से जल्द देखकर अपना फैसला सुनाना होगा। इस सीरीज की पहली फिल्म फिल्म ‘ओह माय गॉड’ में हिंदू देवी देवताओं के चित्रण को लेकर खूब विवाद हुआ था और सेंसर बोर्ड को आशंका है कि फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ की रिलीज के बाद इस पर भी सवाल उठ सकते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ को बिना कांट छांट के सेंसर सर्टिफिकेट जारी कर देने पर सेंसर बोर्ड के खिलाफ प्रतिकूल टिप्पणियां की हैं और फिल्म के निर्माताओं के साथ साथ सेंसर बोर्ड के अधिकारियों को भी अपने समक्ष तलब किया है। मामला अदालत में विचाराधीन होने के चलते इस फिल्म की ओटीटी रिलीज भी अटक गई है। ये अड़चन हटाने के लिए फिल्म ‘आदिपुरुष’ के निर्माताओं ने बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय से मामले की जल्दी सुनवाई करने की अपील की थी, लेकिन ये अपील नामंजूर हो गई है।