चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस का असर अब पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। भारत में ही कोरोना वायरस के चलते दो लोगों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में सिनेमा पर भी कोरोना वायरस का बड़ा असर देखने को मिलने लगा है। बात चाहें हॉलीवुड की हो या फिर बॉलीवुड की, एक तरफ जहां फिल्मों की रिलीजिंग डेट बदली जा रही हैं तो वहीं कई कार्यक्रमों को भी रद्द किया जा रहा है। ऐसे में एक नजर उन कार्यक्रमों और फिल्मों पर जिनकी तारीखों पर कोरोना वायरस का असर देखने को मिला है।
हॉलीवुड से बॉलीवुड तक पर दिखा कोरोनो वायरस का असर, कार्यक्रम हुए रद्द, बदली फिल्मों की रिलीजिंग डेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय इवेंट्स
आइफा पुरस्कार: मध्य प्रदेश में मचे राजनीतिक घमासान के चलते पहली बार राज्य में होने जा रहे आइफा पुरस्कार अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए हैं। हालांकि, आइफा आयोजन समिति की तरफ से जारी बयान में इसकी वजह कोरोना वायरस के मामले सामने आने को बताया गया है लेकिन मध्य प्रदेश सरकार के सूत्र बताते हैं कि पुरस्कार समारोह का टलना सूबे की सियासी हलचल का परिणाम हैं।
सलमान खान और ऋतिक रोशन: सलमान खान का अप्रैल में यूएस में एक कॉन्सर्ट होने वाला था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। ये कॉन्सर्ट टूर 10 दिनों का था। सलमान का ये कॉन्सर्ट 3 से 12 अप्रैल तक होने वाला था। ये कॉन्सर्ट यूएस और कनाडा में होना था । खबरों की मानें तो अटलांटा, न्यू जर्सी, बॉस्टन, टोरंटो, डलास, हॉस्टन, सैन जोस और सिएटल में सलमान इस कॉन्सर्ट के जरिए अपने फैंस से मिलते। वहीं ऋतिक रोशन का भी यूएस में नौ दिन का कॉन्सर्ट रद्द हो गया है । ऋतिक का ये कॉन्सर्ट 10 अप्रैल से शुरू होने वाला था । इस दौरान वह शिकागो, वाशिंगटन, न्यू जर्सी, डलास, अटलांटा और सैन होजे जैसे शहरों में जाने वाले थे।
भारतीय फिल्में
सूर्यवंशी: 24 मार्च को रिलीज होनी वाली फिल्म सूर्यवंशी की रिलीज को भी स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म सूर्यवंशी का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। वहीं फिल्म कब रिलीज होगी, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।83: 1983 के भारतीय क्रिकेट कप पर आधारित फिल्म 83 की रिलीजिंग डेट भी बदलने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि फिल्म अब 10 अप्रैल को रिलीज नहीं होगी। बता दें किं फिल्म में रणवीर सिंह, कपिल देव के किरदार में नजर आएंगे।
हॉलीवुड फिल्में
नो टाइम टू डाय: अप्रैल में रिलीज होने वाली फिल्म जेम्स बॉन्ड की अगली कड़ी नो टाइम टू डाय की रिलीज डेट टल गई है। ब्रिटेन में अब यह फिल्म 12 नंवबर, 2020 को रिलीज की जाएगी। वहीं, भारत समेत पूरी दुनिया में इस फिल्म को 25 नंवबर, 2020 को रिलीज किए जाने की बात कही गई है।
फास्ट एंड फ्यूरियस 9: हॉलीवुड की फास्ट एंड फ्यूरियस सीरीज की नौवीं कड़ी यानी फास्ट एंड फ्यूरियस 9 पहले 22 मई को रिलीज होने वाली थी। लेकिन अब कोरोनावायरस के प्रभाव के चलते फिल्म की रिलीजिंग तारीख अब 2 अप्रैल 2021 कर दी गई है।
द न्यू म्युटेंट्स: 3 अप्रैल को रिलीज होने वाली फिल्म 'द न्यू म्युटेंट्स' की भी रिलीजिंग डेट को स्थिगत कर दिया गया है। वहीं फिल्म की नई रिलीजिंग डेट अभी सामने नहीं आई है।
एंटलर्स: कोरोनो वायरस का असर फिल्म एंटलर्स पर भी देखने को मिला है। 17 अप्रैल को पूरी दुनिया में रिलीज होने वाली फिल्म एंटलर्स भी कोरोनावायरस के प्रकोप के चलते स्थगित कर दी गई है।
मिशन इम्पॉसिबल 7: मिशन इम्पॉसिबल 7 का शूट इटली में जारी था, लेकिन कोरोना वायरस की वजह से फिल्म के शूट को तीन हफ्ते के लिए रोक दिया गया है। इस बारे में पैरामाउंट ने अपने बयान में कहा था, 'हमारे कलाकरों और क्रू वालों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।'
हॉलीवुड कार्यक्रम
10वां बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल: 10वें बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल को फिलहाल अनिश्चितकालीन के लिए टाल दिया गया है। इस आयोजन को टालने का कारण कार्यक्रम में शामिल होने वालों की सुरक्षा बताया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम से कोविड 19 का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में इसे फिलहाल टाल दिया जा रहा है।
एएफआई लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड:अमेरिकन फिल्म इंस्टीट्यूट ने 48वें एएफआई लाइफ अचीवमेंट अवॉर्ड गाला को भी अनिश्चितकालीन के लिए टाल दिया है। बता दें कि पहले इस कार्यक्रम का आयोजन 25 अप्रैल को होना था, जिसमें मुख्य तौर पर ब्रिटिश एक्ट्रेस और सिंगर जूली एंड्रयूज को सम्मानित किया जाना था।
कान्स फिल्म फेस्टिवल: कोरोना वायरस के चलते कान्स फिल्म फेस्टिवल के भी रद्द होने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि इस बारे में कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है। कान्स फिल्म फेस्टिवल के प्रेसिडेंट पियरे लेस्क्योर ने फ्रेंच न्यूजपेपर ली फिगारो से बातचीत की। अपनी बातचीत में पियरे ने साफ किया है कि अगर मार्च के अंत तक कोरोनावायरस पर काबू नहीं पाया जा सका तो हम कान्स फेस्टिवल को रद्द कर देंगे। बता दें कि कान्स फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 12 मई को फ्रांस में होना था।