कोरोना काल में तमाम फिल्मी सितारे रोज ही अपने फैंस को कभी अपना कभी, कभी अपनी गर्लफ्रेंड का, जिनकी शादी हो गई वे अपनी बीवी और अपने बच्चों को वीडियो और फोटो दिखा रहे हैं। जनता घर में कैद होकर वैसे ही परेशान है, ऊपर से इन सेलेब्रिटीज की इतनी मस्ती देख लोगों को लग रहा है कि सारे लोग खुश हैं, बस वही परेशान हैं। लेकिन, ऐसा नहीं कि कोई सेलेब्रिटी परेशान ही नहीं है। कोरोना से बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मंगलवार को लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाया तो सबसे ज्यादा परेशान मशहूर अभिनेता आमिर खान नजर आए।
लॉकडाउन बढ़ते ही इसलिए परेशान हो गए आमिर खान, पहले लॉकडाउन के पहले से यहां फंसे हैं जुनैद खान
पता ये चला है कि हिंदी सिनेमा के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले अभिनेता आमिर खान के बड़े बेटे जुनैद खान अपने परिवार के साथ नहीं हैं। 22 मार्च को देशभर में लॉकडाउन होने से पहले ही विदेशों में रह रहे लगभग सभी सेलेब्रिटीज के बच्चे मुंबई लौट आए थे। जो नहीं लौट पाए थे, वे वहीं रह गए जहां वे पहले थे। जुनैद के साथ भी कुछ वैसा ही हादसा हुआ है।
लॉकडाउन की घोषणा होने से पहले जुनैद आमिर खान के पंचगनी वाले बंगले में थे। जैसे ही बंदी की घोषणा हुई, वे अपने घर नहीं लौट पाए और वहीं अटक गए। जबकि उनका पूरा परिवार पाली हिल वाले घर में लॉकडाउन के दौरान समय बिता रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 मार्च को किए राष्ट्र संबोधन में 21 दिन यानी 14 अप्रैल तक के लॉकडाउन की घोषणा की थी। जुनैद के अपने परिवार के साथ न होने की खबर अब इसलिए आई है, क्योंकि प्रधानमंत्री ने बंदी की समयावधि को 3 मई तक बढ़ा दिया है।
जुनैद 26 साल के हो चुके हैं और अपने पिता आमिर खान के पदचिन्हों पर ही चल रहे हैं। उन्होंने एक बार ये स्वीकारा था कि अभिनय, निर्देशन और लेखन में उन्हें बहुत रुचि है। वह वर्ष 2015 में आई आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पीके' में निर्देशन में इंटर्नशिप भी कर चुके हैं।
निर्माता और निर्देशक करण जौहर के चैट शो में आमिर खान ने बताया था कि उनका बेटा जुनैद और बेटी इरा हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत करने के लिए बेताब हैं। इस बारे में आमिर खान की तरफ से तो कुछ नहीं कहा जा रहा है लेकिन उनके करीबी सूत्र बताते हैं कि वह अपने बेटे को जल्द से जल्द मुंबई में देखना चाहते हैं, लेकिन लॉकडाउन के चलते कुछ मुमकिन नहीं हो पा रहा है।
पढ़ें: तीन मई तक पीएम मोदी ने बढ़ाया लॉकडाउन तो 'सीता' ने बताया सही, लोगों से कहा- 'न पार करें लक्षण रेखा'
