डिजनी प्लस हॉटस्टार की छवि विदेशी कार्यक्रमों के देसी संस्करण बनाने वाले प्लेटफॉर्म की बनती जा रही है। ओटीटी को देश में चलाने वाली कंपनी स्टार इंडिया के अध्यक्ष गौरव बनर्जी का भी कहना है कि प्लेटफॉर्म पर आने वाले दिनों में देसी कहानियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि जिन विदेशी धारावाहिकों के रीमेक इस प्लेटफॉर्म पर परोसे जा रहे हैं, उन्हें पूरी तरह भारतीय दर्शकों की संवेदनाओं के हिसाब से बदल दिया जा रहा है।
‘क्रिमिनल जस्टिस 2’ के लॉन्च पर बोले स्टार इंडिया के मुखिया, जल्द दिखेंगी तमाम नई देसी कहानियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विदेशी टीवी सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ का देसीकरण करके हॉटस्टार ने इसका पहला सीजन रिलीज किया था तो इसकी मिलीजुली प्रतिक्रिया दर्शकों में देखने को मिली थी। इस बार इस सीरीज के दूसरे सीजन का ट्रेलर बताता है कि शो में देसी तड़का बेहतर तरीके से लगाया गया है। हालांकि, दिक्कत यहां भी पंकज त्रिपाठी के समरस अभिनय की दिखती है लेकिन सीरीज की गंभीर कहानी में एक मसखरे वकील का रोल वह निभा ले जाने को मेहनत करते दिखते हैं।
‘अमर उजाला’ के एक सवाल के जवाब में ट्रेलर लॉन्च के मौके पर स्टार इंडिया पर हिंदी व अंग्रेजी मनोरंजन के मुखिया और कंपनी के प्रेसीडेंट गौरव बनर्जी कहते हैं, ‘यह पिछले साल हमारा सबसे बड़ा शो था। लेखन व स्टार कास्ट पर केंद्रित होकर इसने एक नई तरह की स्टोरीटेलिंग की शुरुआत की। क्रिमिनल जस्टिस का दूसरा सीजन इस विरासत को आगे ले जा रहा है। यह एक दिलचस्प ड्रामा है जो समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों पर अनेक सवाल खड़े करेगा।' कभी स्टार चैनलों के देश में सर्वेसर्वा रहे समीर नायर की देखरेख में ये सीरीज एप्लॉज एंटरटेनमेंट नाम की कंपनी बना रही है।
पंकज त्रिपाठी इस शो में वकील माधव मिश्रा का रोल कर रहे हैं और अनुप्रिया गोयनका निखत हुसैन के किरदार में उनकी सहायिका हैं। एप्लॉज एंटरटेनमेंट के सीईओ समीर नायर इस बारे में कहते हैं, ‘क्रिमिनल जस्टिस हमारा पहला शो था। इसने हॉटस्टार स्पेशल्स के साथ हमारी बहुत खास एवं सफल साझेदारी की शुरुआत की। इस शक्तिशाली फ्रेंचाईजी का नया सीजन पिछले सीजन के मुख्य किरदारों की विरासत को आगे ले जा रहा है, जो पंकज त्रिपाठी, मीता वशिष्ठ, अनुप्रिया गोयनका, पंकज सारस्वत ने निभाए थे। वो एक बार फिर एक ऐसे मामले में एक दूसरे से भिड़ते नजर आएंगे जिसमें एक सामान्य गृहणी कानूनी व न्यायिक प्रक्रिया के जाल में फंस जाती है।’
अभिनेता पंकज त्रिपाठी को अच्छा लगता है जब उनके इस किरदार को उनके फिल्मीनामे में एक सफल किरदार के रूप में गिना जाता है। वह कहते हैं, ‘यह देखकर खुशी होती है कि माधव मिश्रा ने दर्शकों पर इतना गहरा प्रभाव छोड़ा कि निर्माता उसे दूसरे चैप्टर के लिए वापस लेकर आए। इस किरदार की सबसे अच्छी बात ये है कि यह सबसे मुश्किल क्षणों को भी अपनी धुन और विनम्रता का प्रयोग कर हास्यपूर्ण एवं सुंदर ढंग से संभाल लेता है।’
पढ़ें: गोवा में लोगों के बीच लकी अली ने गाया 'ओ सनम', वायरल हो रहा वीडियो